शनिवार की देर शाम पौने आठ बजे नीम का पेड़ के नीचे बैठ चर्चा कर रहे थे लोग
Kushinagar News - पडरौना (कुशीनगर), निज संवाददाता। कुशीनगर के पडरौना के इंदिरा नगर के सातों बहिनिया मंदिर परिसर स्थित पुरानी नीम का पेड़ गिरने से शनिवार की द

पडरौना (कुशीनगर), निज संवाददाता।
कुशीनगर के पडरौना के इंदिरा नगर के सातों बहिनिया मंदिर परिसर स्थित पुरानी नीम का पेड़ गिरने से शनिवार की देर शाम पूर्व सभासद समेत सात लोग दब गये। काफी मशक्कत से उन्हें बाहर निकाला गया। पेड़ के नीचे दबने से पूर्व सभासद समेत दो लोगों की मौत हो गई तथा पांच लोग घायल हो गये। इनमें दो चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल परिसर में सदर विधायक, नपा अध्यक्ष समेत एसडीएम ने पहुंच कर घायलों का हाल जाना। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच में जुटी है।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जटहां रोड स्थित इंदिरा नगर में माता सातों बहिनिया मंदिर परिसर में एक 90 वर्ष पुराना नीम का पेड़ स्थित था। उनके नीचे चबुतरा बना है। उसके नीचे पुजारी समेत मोहल्ले के लोग बैठ कर सत्संग आदि वार्ता करते हैं। देर शाम 7.45 बजे पुरानी नीम का पेड़ जड़ से टूट कर उखड़ गया। उसके नीचे दबने से सभी सात लोग घायल हो गये। उन्हें गंभीर चोटे आयीं। मौके पर जुटे स्थानीय लोग व पुलिस ने रेस्क्यू कर पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पूर्व सभासद कृष्णा पटेल पुत्र पूर्णमासी पटेल उम्र 55 वर्ष निवासी इंदिरा नगर, छोटेलाल श्रीवास्तव पुत्र शिव कुमार श्रीवास्तव उम्र 35 वर्ष निवासी जटहां रोड इंदिरा नगर मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में पुजारी ओमप्रकाश दुबे उम्र 55 वर्ष निवासी दुदही, संजय चौरसिया पुत्र अमावस चौरसिया उम्र 50 वर्ष, कन्हैया गोंड पुत्र स्वामीनाथ गोंड उम्र 48 वर्ष, संजय कुशवाहा पुत्र रघुवर कुशवाहा उम्र 49 वर्ष व विश्वनाथ खरवार पुत्र महंत खरवार उम्र 54 साल निवासीगण इंदिरा नगर घायल हो गये। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों की मदद से नीम के पेड़ को हटवायी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। एसडीएम व्यास नारायण उमराव, सीओ अभिषेक प्रताप अजेय, कोतवाल रवि कुमार राय, भाजपा नेता नीरज सिंह बिट्टू, योगेंद्र गुप्ता आदि मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवारों का हाल जाना। सदर विधायक मनीष जायसवाल व नपा अध्यक्ष विनय जायसवाल ने अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल जाना।
--------
नीम के पेड़ के नीचे दबने से पूर्व सभासद समेत दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में पांच लोग घायल हुये हैं। उनकी हालत में सुधार है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। मृतकों को शासन स्तर से मिलने वाली अहेतुक सहायता प्रदान कराई जायेगी।
व्यास नारायण उमराव, एसडीएम पडरौना
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।