फेरों के बाद भी दुल्हन ने किया इनकार, बैरंग लौटी बारात
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर में एक शादी के दौरान शराब के नशे में बरातियों ने दुल्हन के पिता का अपमान किया। इस पर दुल्हन ने ससुराल जाने से मना कर दिया। दूल्हे ने माफी मांगी, लेकिन दुल्हन का दिल नहीं पसीजा। अंततः दूल्हा...

लखीमपुर। शराब के नशे में बरातियों ने पिता का अपमान किया तो दुल्हन ने ससुराल जाने से मना कर दिया। फेरों के बाद दुल्हन ने यह कदम उठाया तो बारातियों के पैर के नीचे से जमीन खिसक गई। दूल्हे ने माफी भी मांगी, लेकिन दुल्हन का दिल नहीं पसीजा। पुलिस की दखल से भी बात नहीं बनी। आखिर ने दूल्हा बिना दुल्हन के ही वापस लौट गया। यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। लखीमपुर शहर के मोहल्ला अर्जुनपुर में रहने वाला एक परिवार चंडीगढ़ में रहता है। इस परिवार के लड़के की शादी भी लखीमपुर की एक लड़की से तय हुई।
शादी 23 मई को थी। शाम को चंडीगढ़ से बारात आ गई। शादी के रस्में शुरू हो गई। बताया जाता है कि दूल्हे के कुछ परिवार वालों और दोस्तों ने शराब पी रखी थी। किसी ने कहा खाना खराब है तो किसी ने कोई और कमी निकाली और हंगामा होने लगा। जिससे लड़का और लड़की पक्ष में विवाद हो गया। उधर शादी की बाकी रस्में देर रात तक चलती रहीं। इस दौरान दुल्हन को पूरे मामले की जानकारी हुई। लड़की को लगा कि उसके पिता का अपमान किया जा रहा है। उसने ससुराल जाने से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों में सुलह पर खूब बात हुई, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। दोनों पक्ष कोतवाली पुलिस के पास आए। लेकिन ने उनको समझाने की कोशिश की, लेकिन लड़की ने साफ इनकार कर दिया। वह सुसराल जाने को तैयार नहीं हुई। दूल्हे ने माफी मांगी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। आखिर में दूल्हा बिना दुल्हन के बारात लेकर वापस लौट गया। यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। शहर कोतवाल हेमंत राय ने बताया कि लड़की किसी भी हाल में जाने को तैयार नहीं थी। इस पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और दोनों ने रिश्ता तोड़ दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।