महेशपुर में पकड़ी गई बाघिन का शावक वन विभाग के पिंजरे में फंसा
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर में एक बाघिन ने दो किसानों की जान ले ली थी। इसके बाद वन विभाग ने बाघिन के बिछड़े शावक को भी पकड़ लिया। शावक को महेशपुर वन रेंज में पिंजरे में फंसाया गया। यह शावक 6 महीने का है और छोटे शिकार...

लखीमपुर। दक्षिण खीरी वन प्रभाग में दो किसानों की जान लेने वाली बाघिन को पकड़ने के सात दिन बाद वन विभाग ने उसके बिछडे शावक को भी पकड़ लिया। यह शावक मां से अलग होकर भटक रहा था। गुरुवार सुबह महेशपुर वन रेंज की आंवला बीट में लगाये गए पिंजरे में शावक फंस गया। वन विभाग ने 23 अप्रैल को बाघिन को उसके एक शावक के साथ पकड़ा था। बाघिन को ट्रेंकुलाइज करके और शावक को जाल में फंसा कर विभाग ने काबू किया था। पर बाघिन का दूसरा शावक भाग निकला। डीएफओ संजय विश्वाल ने बताया कि शावक की तलाश में वन विभाग की टीमें काम्बिंग कर रही थीं।
जिस जगह बाघिन को पकड़ा गया, वहां से 5 किलोमीटर दूर इस शावक की उपस्थिति की पुष्टि हुई। वन विभाग ने दो दिन पहले ही वहां पिंजरा लगाया था। गुरुवार सुबह यह शावक वन विभाग के पिंजरे में फंस गया। डीएफओ ने बताया कि पकड़े गए नर शावक की उम्र 6 माह के करीब है और यह छोटे शिकार करना सीख चुका है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।