संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, हत्या का आरोप
Lakhimpur-khiri News - ढखेरवा के औंधय्या गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत हो गई। उसके बेटे ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। विवाद के दौरान महिला को पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए...

ढखेरवा। थाना पढुआ क्षेत्र के गांव औंधय्या मजरा मझरा पूरब निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक महिला के लड़के ने कुछ लोगों पर पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सोशल मीडिया पर एक लड़की के फोटो को लेकर गांव औंधय्या (मझरा पूरब) निवासी मनोज और सिसैया गांव निवासी हजारी के बीच विवाद हो गया था। मनोज के मुताबिक रविवार को लड़की के रिश्तेदार सात लोग मनोज के घर पहुंचे और मनोज को लाठी डंडों से पीटने लगे। इस दौरान मनोज की 45 वर्षीय मां सुदेवी पत्नी राम भरोसे मनोज को बचाने लगी तो उक्त लोगों ने उसकी भी पिटाई कर दी।
पिटाई से बेहोश हुई सुदेवी को सीएचसी रमियाबेहड़ ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में महिला की मौत हो गई। इंस्पेक्टर पुष्पराज कुशवाहा के मुताबिक परिजनों ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर पर महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। शव पर किसी तरह से चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौत कैसे हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद ही पता चल सकेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।