मंदिरों को सरकारी प्रशासन के भ्रष्टाचार से बचाया जाए : अखिलेश
Lucknow News - लखनऊ। विशेष संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि मंदिरों

लखनऊ। विशेष संवाददाता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि मंदिरों को सरकारी प्रशासन के भ्रष्टाचार से बचाया जाए। भाजपा और उनके संगी-साथी सभी बड़े मंदिरों पर सरकार के प्रबंधन के बहाने अप्रत्यक्ष रूप से अपना क़ब्ज़ा करते जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि परंपरागत रूप से सैकड़ों सालों से इन मंदिरों के प्रबंधन-संचालन करने वालों से उनके सेवा-भाव के अधिकार छीने जा रहे हैं। साथ ही उनके ऊपर अविश्वास प्रकट करते हुए, एक तरह से ये आरोप भी लगाया जा रहा है कि वो इस काम में सक्षम नहीं है या फिर उनका संचालन त्रुटिपूर्ण है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिरों में श्रद्धालु जो दान-पुण्य करते हैं, उसका सदुपयोग मंदिर में दर्शन, प्रसाद-भेंट, सुरक्षा, जन सुविधा, धर्मशाला आदि धर्मार्थ कार्यों में होता आया है और सेवा-भाव से भरा आस्थावान प्रबंधन इसी को सुनिश्चित करता है क्योंकि उनका ऐसे धर्म-कर्म से एक बहुत गहरा भक्ति भावना से भरा लगाव होता है। जो लोग बाहरी होते हैं या पेशेवर होते हैं, वो इन सब धार्मिक-निवेश को लाभ-हानि की तराज़ू पर तोलते हैं, उनके लिए ये श्रद्धा का विषय नहीं होता है। अखिलेश ने कहा कि ऐसे प्रकरण उपलब्ध हैं, जब ऐसे प्रशासनिक लोगों ने मंदिर में चढ़ाए गए बेलपत्रों तक को बेचकर भ्रष्टाचार किया है। कारोबारी भाजपा और उनके धन लोलुप संगी-साथी याद रखें कि धर्म भलाई के लिए होता है, कमाई के लिए नहीं। ये अनायास नहीं है कि जबसे भाजपा आई है एक के बाद एक मंदिरों पर ‘प्रशासनिक क़ब्ज़ा होता जा रहा है। जो भावना एक न्यास में होती है, वो प्रशासन के उन लोगों में कैसे हो सकती है, जिनका कब स्थानांतरण हो जाए, उन्हें पता नहीं होता। शासन के कृपापात्र ईश्वर के कृपा पात्र सच्चे न्यासियों जैसे हो ही नहीं सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।