यूपी में किसान खुशहाल, आमदनी भी बढ़ी: अमरपाल
Lucknow News - भाजपा के 46वें स्थापना दिवस पर सक्रिय सदस्य सम्मेलन का आयोजन हुआ। लखनऊ में सांसद अमरपाल मौर्य ने किसानों के विकास और योजनाओं का जिक्र किया। पार्टी के नेताओं ने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम है और जन सेवा...

भाजपा के 46वें स्थापना दिवस के क्रम में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार को सक्रिय सदस्य सम्मेलन हुआ। लखनऊ पूर्व के तहत इन्दिरा नगर ए ब्लॉक में आयोजित सम्मेलन को राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने सम्बोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यूपी में किसान खुशहाल है। आमदनी भी बढ़ गई है। सक्रिय सम्मेलनों को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न बड़े नेताओं ने सम्बोधित किया। इन्दिरा नगर में सांसद अमरपाल मौर्य ने कहा कि गांवों के विकास हुआ है। साथ ही किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं का असर अब दिख रहा है।
राष्ट्र के लिए कार्य करती है भाजपा: नीरज सिंह
भाजपा वरिष्ठ नेता नीरज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें लोकतांत्रिक परंपराओं का निर्वाहन किया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए सत्ता नही, राष्ट्र प्रथम होता है। अटल-आडवाणी के समर्पण और कड़ी मेहनत से आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प और कार्यशैली से भारत आज आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनता जा रहा है। विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि सक्रिय सदस्यों को केन्द्र, प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
विकास, सुशासन और सुरक्षा ने दिलाया जनता का विश्वास
उत्तर विधानसभा सक्रिय सदस्य सम्मेलन को अवध क्षेत्र के अध्यक्ष कमलेश मिश्र ने सम्बोधित किया। उन्होंने भारतीय राजनीति में भारतीय जनता पार्टी की ओर से लाए गए अभूतपूर्व परिवर्तन को विस्तार से बताया। कहा कि पार्टी संस्थापक पंडित दीनदयाल और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की अंत्योदय, राष्ट्रवाद की विचारधारा के अनुरूप विकास, सुशासन, सुरक्षा को वरीयता पर रखते हुए जन-जन का विश्वास हासिल किया है। एमएलसी मुकेश शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य सत्ता के माध्यम से शासन नहीं है। पार्टी प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में जन सेवा, राष्ट्र निर्माण और उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
भाजपा एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है
मलिहाबाद ब्लाक में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन तीन सत्रों में हुआ। प्रथम सत्र मे पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री दिनेश तिवारी ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है। दूसरे सत्र मे अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा आज केंद्र के साथ 20 से अधिक राज्यों में स्वयं सत्ता में है या अपने सहयोगी दलों के साथ सरकार चल रही है। यह कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या व बलिदान का परिणाम है। तृतीय सत्र में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ 11 वर्षों में विकसित भारत की यात्रा पर विचार रखे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।