तिरंगा यात्रा से सेना के शौर्य को नमन
Lucknow News - लखनऊ में चार विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। ये यात्राएं भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित थीं। हजारों लोगों ने भाग लिया और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश...

राजधानी की चार विधानसभा क्षेत्रों में गूंजे भारत माता के जयकारे कई जगह निकलीं तिरंगा यात्राएं, पुष्पवर्षा के बीच स्वागत लखनऊ, संवाददाता। शहर की सड़कों पर रविवार को देशभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। भारतीय सेना के अदम्य शौर्य को नमन करने के लिए लखनऊ की चार विधानसभा क्षेत्रों में भारत माता की जय, वंदे मातरम, भारतीय सेना जिंदाबाद और मोदी-मोदी के गगनभेदी नारों के बीच तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में लोग तिरंगा लेकर शामिल हुए। वहीं जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। शौर्य व राष्ट्रीय एकता को समर्पित है तिरंगा यात्रा: ब्रजेश पाठक आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सेना के वीर जवानों के सम्मान के लिए रविवार शाम आलमबाग क्षेत्र में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा संत निरंकारी आश्रम, शृंगार नगर से आरंभ हुई। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा भारत के वीर जवानों के शौर्य संकल्प और राष्ट्रीय एकता को समर्पित है। यह हमारे जवानों के प्रति कृतज्ञता और देश के प्रति आम नागरिक की प्रतिबद्धता का सार्वजनिक प्रदर्शन है। यात्रा के स्वागत के लिए यात्रा मार्ग पर सात द्वार बनाए गए थे। वहीं जगह -जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। शृंगार नगर से निकली यात्रा रामनगर, आलमबाग चौराहा, थोक सब्जी मंडी होते हुए चंदर नगर स्थित कैंट विधानसभा कार्यालय पर सम्पन्न हुई। यात्रा के संयोजक व नगर उपाध्यक्ष अशोक तिवारी ने बताया कि यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, पूर्व सैनिक और छात्र भी शामिल हुए। यात्रा में पूर्व एमएलसी अरंविद त्रिपाठी, नानकचंद लखमानी, पूर्व पार्षद बबलू मिश्रा, श्रवण नायक, पार्षद पीयूष दीवान, महेंद्र राजपूत, राजीव शुक्ला समेत बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर हुआ तिरंगा यात्रा का स्वागत विधायक डा. नीरज बोरा की अगुवाई में कपूरथला चौराहे से नेहरू बाल वाटिका तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान हजारों लोगों के वंदे भारत और भारत माता की जयकारों से समूचा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा की शुरुआत भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयम्बक त्रिपाठी, पूर्व मंत्री व एमएलसी डॉ. महेन्द्र सिंह ने तिरंगा लहराकर की। यात्रा में एकल अभियान महिला शाखा लखनऊ की अध्यक्ष बिन्दू बोरा, महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन के महानगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल व कई अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे। मध्य और सरोजनीनगर विधानसभा में निकली तिरंगा यात्रा मध्य विधानसभा क्षेत्र में राज्यसभा सांसद डॉक्टर दिनेश शर्मा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा के कैसरबाग कार्यालय से झंडा वाला पार्क अमीनाबाद तक निकली यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। सरोजनीनगर क्षेत्र के चंद्रिका देवी मंदिर बंगला बाजार से दुर्गा मंदिर तक लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा के मार्ग पर ‘वंदे मातरम् और ‘भारत माता की जय के उद्घोष से माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया। लोगों ने राह में फूल बरसाये।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।