छेड़छाड़ के विरोध में किशोरी को छत से फेंकने वाला सिपाही गया जेल
Lucknow News - बीबीडी इलाके में 16 वर्षीय किशोरी को छेड़छाड़ के विरोध में छत से फेंकने के आरोप में पुलिस ने सिपाही मुकेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़िता का अस्पताल में बयान दर्ज किया गया है और उसकी हालत स्थिर...

बीबीडी इलाके में छेड़छाड़ के विरोध में 16 वर्षीय किशोरी को छत से फेंकने के मामले में गिरफ्तार आरोपित सिपाही मुकेश को पुलिस ने गुरुवार को जेल भेज दिया। महिला पुलिस अधिकारी ने लोहिया अस्पताल में भर्ती पीड़िता के 161 के तहत बयान दर्ज किए। पुलिस टीम अब पीड़िता की हालत में सुधार होते ही जल्द ही पुलिस उसके न्यायिक अधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराएगी। अस्पताल में भर्ती किशोरी की हालत स्थिर बताई जा रही है। मामले में पुलिस अब उस मकान में रहने वाले अन्य लोगों के भी बयान दर्ज करेगी। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह ने बताया कि सिपाही मुकेश की पत्नी कुमकुम ने भी किशोरी पर आरोप लगाया है कि उसने झगड़े के दौरान उनके हाथ में काट लिया था।
उनसे मारपीट की थी। कुमकुम ने इस संबंध में तहरीर दी भी है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। बुधवार को छात्रा की मां की तहरीर पर यूपी 112 में तैनात सिपाही मुकेश उसकी पत्नी कुमकुम और साले के खिलाफ जानलेवा हमला, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी पंकज सिंह ने बताया कि छात्रा के 161 के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपित सिपाही को जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना चल रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।