SP Protests in Assembly Over Deputy CM Brijesh Pathak s Comments on Mulayam Singh Yadav ब्रजेश पाठक की टिप्पणी पर सपा का वेल में धरना-नारेबाजी, Lucknow Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsLucknow NewsSP Protests in Assembly Over Deputy CM Brijesh Pathak s Comments on Mulayam Singh Yadav

ब्रजेश पाठक की टिप्पणी पर सपा का वेल में धरना-नारेबाजी

Lucknow News - लखनऊ विधानसभा में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की टिप्पणी पर समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने हंगामा किया। सपा ने मुलायम सिंह यादव का अपमान करने का आरोप लगाते हुए वेल में उतरकर नारेबाजी की। विधानसभा...

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊMon, 24 Feb 2025 07:23 PM
share Share
Follow Us on
ब्रजेश पाठक की टिप्पणी पर सपा का वेल में धरना-नारेबाजी

ब्रजेश पाठक की टिप्पणी पर सपा का हंगामा, वेल में उतर की नारेबाजी -स्वास्थ्य मंत्री डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में मनमानी धन वसूली की जांच के आदेश

-आशा वर्करों को मिलता है 6 हजार से 11 हजार रुपये तक मानदेय

-मानदेय बढ़ाने के लिए केंद्र को पत्र लिखा,

-अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि जो भी आपत्तिजनक बोला गया है उसे सदन की कार्यवाही से हटा दिया जाएगा।

लखनऊ, विशेष संवाददाता

विधानसभा में सोमवार को डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा सपा संस्थापक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कथन का उल्लेख करते हुए तंज करने पर समाजवादी पार्टी के सदस्य बिफर गए। उन्होंने डिप्टी सीएम द्वारा मुलायम सिंह यादव का अपमान करने का मुद्दा उठाते हुए जमकर हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए सपा सदस्य वेल में उतर आए और धरने पर बैठ गए। हंगामा बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विधायी कार्य निपटाए और संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना के अनुरोध पर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे के करीब दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इस हंगामे के कारण प्रश्न प्रहर भी समय से पहले 11.45 के करीब खत्म कर दिया गया।

आशा वर्करों को मिल रहे अधिकतम 11 हजार

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही स्वास्थ्य मंत्री डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सपा सदस्यों के सवालों का जवाब देना शुरू किया। सोमवार को सपा के इंजीनियर सचिन यादव, डा. रागिनी, डा. आरके पटेल व समर पाल सिंह आदि ने स्वास्थ्य से संबंधित प्रश्न लगाए थे। ब्रजेश पाठक ने एक-एक कर सभी सवालों के जवाब दिए। कहा कि आशा वर्करों को मौजूदा वक्त में कम से कम 6000 रुपये और अधिकतम 11000 रुपये मानदेय दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को आशा वर्करों का मानदेय 3000 रुपये करने के लिए पत्र भेजा है। उन्हें स्मार्ट फोन रिचार्ज के लिए 99 रुपये से लेकर 250 रुपये दिए जाते हैं। उनकी बीमा कराया गया है।

सपा ने आशा वर्करों को दर्ज कराए थे मुकदमे

ब्रजेश पाठक ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा वर्ष 2014 में खुद इनकी सरकार ने शासनादेश जारी कर कहा था कि आशा वर्करों को कोई नियत वेतन नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों और हर संभव स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। केवल आशा वर्कर ही नहीं सरकार सभी कर्मचारियों को हितों के लिए प्रतिबद्ध है। सपा सरकार ने तो आशा वर्करों की अध्यक्ष पर लखनऊ के हजरतगंज थाने में मुकदमा लिखवा दिया था। मैंने खुद मुकदमा वापस लिया है।

निजी अस्पताल की ज्यादतियों की होगी जांच

सपा के अमरोहा से विधायक समर पाल सिंह ने मुरादाबाद के निजी अस्पताल ब्राइट स्टार हास्पिटल में मरीजों से ज्यादती करने की बात कही। उन्होंने कहा कि निजी अस्पताल ने दिलशाद पुत्र नौशे की मृत्यु पर उसकी लाश नहीं दी। बाद में जब उन्होंने हंगामा किया तो किसी तरह शव दिया गया लेकिन पहले 25 हजार रुपये जमा करवाए फिर 50 हजार रुपये और मांगे। समरपाल ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव कहा करते थे कि दवाई, पढ़ाई-लिखाई मुफ्त करने की बात कहते थे। भला सरकार कैसे गरीबों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराएगी? ब्रजेश पाठक ने कहा कि निजी अस्पताल द्वारा की गई गड़बड़ियों की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उस पर कड़ी कार्रवाई भी करेंगे। उत्तर प्रदेश में 5.20 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इसके जरिये गरीबों को उपचार मुहैया कराया जा रहा है। इसके जरिये 5000 निजी अस्पताल भी चिन्हित हैं। इसी के बाद डिप्टी सीएम ने टिप्पणी कर दी।

बिफरे सपा सदस्य वेल में उतरे

स्वास्थ्य मंत्री द्वारा तंज करने पर सपा सदस्य बिफर गए और अपने स्थान पर खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मांग की कि डिप्टी सीएम माफी मांगे। इसके तुरंत बाद ही सपा सदस्य वेल में उतर गए और नारेबाजी करने लगे। साथ ही उन्होंने डिप्टी सीएम को बर्खास्त करने और माफी मांगने की पुरजोर मांग उठाई। इसी बीच सपा सदस्य ब्रजेश पाठक को लेकर अमर्यादित टिप्पणी करने लगे।

सतीश महाना ने विवाद हल करने की कोशिश की

विधानसभा सदस्य सतीश महाना ने सपा सदस्यों को कई बार चेतावनी देते हुए कहा कि जो सपा सदस्य वेल में उतरे हैं उनके नाम नोट किए जा रहे हैं। उन्होंने हिदायत दी कि सपा सदस्य डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के लिए अमर्यादित टिप्पणी न करें अन्यथा उन पर कार्रवाई की जाएगी। सतीश महाना ने सभी सपा सदस्यों को सदन से बाहर चले जाने के निर्देश दिए फिर भी सपा सदस्य नारेबाजी करते रहे।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा करते हैं बार-बार टिप्पणी

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि डिप्टी सीएम ने पिछले सत्र में भी कुछ ऐसी ही टिप्पणी की थीं। उन्होंने दो दिन पहले भी तंज किया। आखिर लोकतंत्र में यह टिप्पणियां करना क्या जरूरी है। यहां इन बातों का कोई संदर्भ भी नहीं था। इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बार-बार कहा कि आखिर सपा सदस्यों को आपत्ति किस बात पर है। वे बताएं कि क्या टिप्पणी की है। सतीश महाना के कहने पर भी सपा सदस्यों ने हंगामा जारी रखा।

विधानसभा में विवाद पर संसदीय कार्यमंत्री ने जताया दु:ख

इससे पहले संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि केंद्र सरकार ने तो मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण से सम्मानित किया है। हम खुद उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने सतीश महाना से दो बार विधानसभा स्थगित करने के लिए दो बार अनुरोध किया। इस पर भी जब सपा सदस्यों ने हंगामा जारी रखा तो विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। विधानसभा में संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में मुलायम सिंह यादव पर आई टिप्पणी से उपजे विवाद का पटाक्षेप करते हुए कहा कि जो हुआ उस पर उन्हें दु:ख है। सुबह के हंगामें के बाद जब सदन दो बजे दोबारा बैठा तो सपा सदस्यों ने नेताजी अमर रहे के नारे लगाए। संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि हम लोग बात को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। मुलायम सिंह का नाम किसी ने नहीं लिया। जब नेता प्रतिपक्ष ने नाम लिया तब यह बात आई। कोई ऐसी टिप्पणी नहीं होनी चाहिए जिससे किसी को ठेस पहुंचे। जो घटित हुआ उस पर हमें दु:ख है। सदन को चलाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं विपक्ष की भी है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि जो भी आपत्तिजनक बोला गया है उसे सदन की कार्यवाही से हटा दिया जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।