सास से झगड़े के बाद प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी ने खुद को गोली से उड़ाया
Lucknow News - बीकेटी नई बस्ती में एक प्रॉपर्टी डीलर एवं भाजपा नेता की पत्नी गुंजा सिंह ने सास से विवाद के बाद खुद को गोली मारकर जान दे दी। विवाद का कारण खाने में चावल बनाने को लेकर हुआ था। गुंजा ने पति की पिस्टल से...

बीकेटी नई बस्ती में मंगलवार दोपहर प्रॉपर्टी डीलर एवं भाजपा नेता की पत्नी ने सास से झगड़े के बाद खुद को गोली मार तक जान दे दी। खाने के लिए चावल बनाने की बात पर विवाद हुआ था, जिसमें प्रॉपर्टी डीलर ने मां का पक्ष लिया। नवी कोट नन्दना नई बस्ती निवासी प्रॉपर्टी डीलर अतुल कुमार सिंह ने भाजपा से पार्षद का चुनाव भी लड़ा था। इंस्पेक्टर बीकेटी संजय सिंह के मुताबिक मंगलवार को अतुल काम पर गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे पत्नी गुंजन उर्फ गुंजा सिंह (28) ने मैसेज भेज कर खाने के लिए घर बुलाया। व्हाटसऐप पर मैसेज आने के कुछ देर बाद ही अतुल घर पहुंच गए। खाना परोसने के बाद दम्पति में कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर गुंजा तैश में आकर कमरे में चली गईं। अतुल ने पुलिस को बताया कि गुंजा के जाने के चंद मिनट बाद ही फायरिंग की आवाज आई। वह कमरे में पहुंचे तो गुंजा फर्श पर पड़ी थीं। परिवार वालों की मदद से राम सागर मिश्र अस्पताल गए, जहां से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाने को कहा गया। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने पर डॉक्टरों ने गुंजा की मौत की पुष्टि कर दी।
मां को शुगर है तो चावल क्यों बनाए
दोपहर में खाने के दौरान अतुल की मां शोभा सिंह भी मौजूद थीं। गुंजा ने खाने में चावल बनाए थे। शुगर की मरीज शोभा ने चावल बनाने पर एतराज जताया था। इस पर पहले सास-बहू के बीच कहासुनी हुई। विवाद के दौरान अतुल ने कहा कि मां को शुगर है। फिर तुम्हें चावल नहीं बनाने चाहिए थे। इसी बात पर गुंजा नाराज हो गई थीं।
पेट से सटा कर मारी गोली, बिस्तर पर पड़ी थी पिस्टल
एडीसीपी उत्तरी जितेंद्र दुबे के मुताबिक गुंजा ने पेट में सटा कर पति की .32 बोर पिस्टल से गोली मारी थी। पुलिस को पिस्टल बिस्तर पर पड़ी मिली। घटना के वक्त घर में अतुल, शोभा सिंह के अलावा अतुल के चाचा अमरेंद्र सिंह भी मौजूद थे। अतुल और गुंजा की शादी साल 2016 में हुई थी। सात साल की बेटी लवी सिंह है। पहले परिवार मुस्लिम नगर में रहता था। गुंजा को मोहल्ला पसंद नहीं था। इसलिए अतुल ने नई बस्ती में प्लॉट खरीद कर मकान का निर्माण कराया था। करीब दो महीने पहले ही गृह प्रवेश हुआ था। वहीं, गुंजा के मायके वालों ने घटना की जांच की मांग की है। इंस्पेक्टर बीकेटी ने बताया कि अतुल की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए पत्र भेजा जाएगा। इसके साथ ही घटना के वक्त मौजूद सदस्यों का बयान भी पुलिस लेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।