बोले मैनपुरी: जनाब! दूसरों की गलतियों का खामियाजा भुगत रहे हैं हम...
Mainpuri News - मैनपुरी। शासन के निर्देश पर मैनपुरी शहर में 1 अप्रैल से अवैध ई रिक्शा और टेंपो के खिलाफ अभियान चलाया गया।
शासन के निर्देश पर मैनपुरी शहर में 1 अप्रैल से अवैध ई रिक्शा और टेंपो के खिलाफ अभियान चलाया गया। 30 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के दौरान परिवहन विभाग, यातायात विभाग ने मिलकर अवैध ई रिक्शा और टेंपो चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। लगभग 350 ई रिक्शा और टेंपो अवैध रूप से चलते मिले और उनके चालान काटे गए, इन्हें चीज कर दिया गया। क्योंकि ई रिक्शा और टेंपो चलाने वाला वर्ग गरीब वर्ग से जुड़ा है। इसलिए इस कार्रवाई से इस वर्ग का खासा नुकसान हुआ। कार्रवाई करने से पहले प्रशासन और शासन दोनों को ही इन लोगों को पंजीकरण कराने, नियमों का पालन करने का समय देना चाहिए था, लेकिन बिना प्लान बनाए ही कार्रवाई कर दी गई। शहर में जगह जगह अबैध टेंपो स्टैंड भी हैं। अवैध वाहनों का संचालन हो रहा है। जिससे लोग परेशान भी रहते हैं। हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद के दौरान इस वर्ग के लोगों ने कहा कि वे नियमों का पालन करके ही अपने वाहन चलाना चाहते हैं।
शहर में लगभग 5000 ई रिक्शा और टेंपो का संचालन विभिन्न मार्गों पर किया जा रहा है। इन वाहनों की इतनी बड़ी संख्या छोटे से शहर में वाकई अधिक है। इनको कोई रूट निर्धारित नहीं है। जिसके चलते यह कहीं भी खड़े होकर यात्रियों को उठाते हैं और छोड़ते हैं। चौराहों और तिराहों पर इनकी भीड़ रहती है तो जाम लग जाता है। जिससे आवागमन करने वालों को परेशानी होती है। अन्य वाहन चालक भी मुश्किल में आ जाते हैं। इन्हीं समस्याओं के दृष्टिगत सरकार ने 1 अप्रैल से इनके खिलाफ अभियान शुरू कर दिया। अभियान से आम लोगों को राहत तो मिली है, लेकिन इस वर्ग के लिए भी बात होनी चाहिए। टेंपो और ई रिक्शा संचालक अपने वाहनों का पंजीकरण कराएं, वाहनों का बीमा हो। ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस भी हो।
जो नियमों का पालन कर रहे हैं उन पर कार्रवाई न हो और अवैध रूप से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जाए। ई रिक्शा चालक रमेश, सुरेश, राजू, दिनेश, लालू, हाकिम, नदीम का कहना है कि परिवहन विभाग उन्हें गाइडलाइन बता दे। उनके लिए टेंपो स्टैंड की व्यवस्था कर दी जाए और रूट निर्धारित कर दिए जाएं। जो नियम हैं उन पर वे अमल करेंगे। और जो लोग नियमों का पालन न करें उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इससे यह होगा कि वाहन चलकर वह भी अपना पेट भर सकेंगे और यात्रियों के लिए भी आवागमन के दृष्टिगत ई रिक्शा और टेंपो की सुविधा आसान हो जाएगी।
बोले लोग
पूरे शहर में 2100 ई-रिक्शा चल रहे हैं। बिना पंजीकृत ई-रिक्शा पर कार्रवाई होने से चालकों में हड़कंप मच गया है। मैनपुरी परिवहन विभाग व यातायात पुलिस ने 500 ई-रिक्शा पर कार्रवाई कर दी। जो शेष ई-रिक्शा चल रहे हैं उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
-शिवम यादव, एआरटीओ मैनपुरी
ई-रिक्शा बैट्री से चलने वाला वाहन है। जो शहर में प्रदूषण को बचाता है। सरकार को नियम व शर्तों के साथ ई-रिक्शा चालकों को बढ़ावा देना चाहिए। यह वाहन चलेंगे तो शहर प्रदूषण मुक्त रहेगा। साथ ही उनके रुट निर्धारित किया जाए।
-रंजीत राजपूत
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए कोई रूट निर्धारित नहीं किया गया है। जिससे जनता परेशान रहती है। प्रशासन रूट निर्धारित करे। जिससे सभी रूटों पर जनता को आसानी से वाहन उपलब्ध हो सके।
-आशीष चौहान
सभी ऑटो व ई-रिक्शा में मीटर लगाए जाए और किलोमीटर के हिसाब से किराए की धनराशि निर्धारित की जाए। जिससे चालक व सवारी को कोई भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-आशीष
चालान के नाम पर हो रही अवैध वसूली पर रोक लगानी चाहिए। पांच हजार चालान के नाम पर 7 हजार रुपये चालकों को देने पड़ते हैं। जिससे उनका शोषण हो रहा है। सरकार इस पर रोक लगाए।
-विनोद
परिवहन विभाग द्वारा निर्देश है कि जो भी नाबालिग वाहन चला रहे हैं उनके ऊपर 25 हजार का चालान व वाहन को सीज किया जाएगा। जिससे बचने के लिए नाबालिग ई-रिक्शा वाहन को न चलाए।
-राजीव
ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए एक ड्रेस कोड जारी किया जाए व परिचय पत्र भी उपलब्ध कराया जाए। जिससे दुर्घटना होने पर वाहन व चालक का ब्यौरा पुलिस को आसानी से उपलब्ध होगा।
-संदीप
शहर के बिना रजिस्ट्रेशन दौड़ रहे ई-रिक्शा चालकों को लिए नोटिस जारी किया। जो भी बिना ड्राइविंग लाइसेंस व बिना फिटनेस के वाहन चला रहे हैं। कैंप लगाकर उनके ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए जाएं।
-मुन्नालाल
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।