Mau s Dilapidated Road from Sikatiya Overbridge to Manpur Poses Risks to Commuters सिकटिया ओवरब्रिज से मानपुर तक का मार्ग बदहाल, Mau Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsMau NewsMau s Dilapidated Road from Sikatiya Overbridge to Manpur Poses Risks to Commuters

सिकटिया ओवरब्रिज से मानपुर तक का मार्ग बदहाल

Mau News - मऊ में सिकटिया ओवरब्रिज से मानपुर तक का संपर्क मार्ग वर्षों से खराब है। गड्ढों की वजह से लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने कई बार अधिकारियों से सड़क के मरम्मत की मांग की है,...

Newswrap हिन्दुस्तान, मऊThu, 24 April 2025 03:39 AM
share Share
Follow Us on
सिकटिया ओवरब्रिज से मानपुर तक का मार्ग बदहाल

मऊ। नगर क्षेत्र के सिकटिया ओवरब्रिज से मानपुर तक एक किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग वर्षों से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं। साथ ही बदहाल मार्ग पर आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं। दर्जनभर से अधिक गांवों और नगर पालिका क्षेत्र के वार्डो को मऊ शहर से जोड़ने वाले मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए स्थानीय लोगों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से गुहार लगाई, बावजूद मार्ग की स्थिति जस की तस है। मार्ग बदहाल होने से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। मऊ नगर में सिकटिया ओवरब्रिज से मानपुर प्रमुख मार्गों में शामिल है। इस मार्ग से होकर मऊ नगर पालिका के कई वार्डों सहित अदरी नगर पंचायत, रतनपुरा, कोपागंज ब्लॉक गांवों के लोगों का शहर में आवागमन होता है, लेकिन हालत ये है कि लगभग वर्षों से अधिक समय से लोग इसी बदहाल मार्ग पर चलने के लिए विवश हो रहे हैं। नगर में विकास की तमाम कवायद के बाद भी सिकटिया ओवरब्रिज से मानपुर मार्ग बदहाल होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इस संपर्क मार्ग से नगर के सिकटिया, ख्वाजाहापुर, मानपुर, करीहार, चकरामजी, खालिसपुर, अलिनगर, हथनी, राघोपट्टी सहित सहित अन्य मोहल्ले जुड़े हुए हैं। इस मार्ग से आवागमन करने वाले राहगीर आए दिन परेशानी का दंश झेल रहे हैं। वर्तमान समय में सड़क पूरी तरह से गड़्ढे में तब्दील हो गई है। सड़क में गड्ढे होने से जहां वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन सवार और साइकिल सवार गिरकर चोटिल जाते हैं। हमेशा इस सड़क पर किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। बदहाल सड़क मार्ग को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन मार्ग की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। नतीजतन लोग जर्जर सड़क पर आवागमन करने के लिए विवश हैं।

ग्रामीण अंचलों से शहर आने में होती है परेशानी

मऊ। स्थानीय निवासी अजय यादव, शिवम चौहान, गणेश यादव, रामविलास भारती, अम्भू चौहान, उमेश कुमार ने बताया कि लंबे समय से इस समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। सड़क मरम्मत के लिए जनप्रतिनिधियों से भी कह चुके हैं साथ ही इस संबंध में विभागीय जिम्मेदारों से शिकायत भी कई बार कर चुके हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब एक हजार से अधिक राहगीर और रतनपुरा, पहसा, अदरी, हलधरपुर, कोपागंज के गांवों के लोग गुजरते हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क मरम्मत की मांग की है।

नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा

जनपद की कई सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण का प्रस्ताव मंजूर कराया है। कुछ सड़कें बन चुकी हैं तो कुछ का कार्य चल रहा है। जल्द ही सिकटिया-मानपुर सड़क का भी प्रस्ताव नवीनीकरण के लिए भेज मंजूर कराया जाएगा। शासन के मंशा के अनुरूप जनपद की सभी सड़कें जल्द ही गड्ढामुक्त हो जाएंगी।

- मनोज राय, जिला पंचायत अध्यक्ष, मऊ।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।