नमो भारत : मेरठ में शताब्दीनगर सेक्शन रैपिड रेल संचालन के लिए तैयार
Meerut News - दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर के शताब्दीनगर सेक्शन को नमो भारत ट्रेन सेवा के लिए तैयार किया गया है। मेरठ साउथ से शताब्दीनगर के बीच मेट्रो की सेवा भी उपलब्ध होगी। फिनिशिंग कार्य चल रहा है और होली के...

मेरठ। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर में अब शताब्दीनगर सेक्शन नमो भारत ट्रेन की सेवा के लिए तैयार हो गया है। मेरठ साउथ से आगे मेरठ में नमो भारत का अगला स्टेशन शताब्दीनगर है। शताब्दीनगर से नमो भारत के साथ मेट्रो की सेवा भी उपलब्ध होगी। फिलहाल मेरठ साउथ से शताब्दीनगर के बीच नमो भारत और मेट्रो के ट्रायल चल रहे हैं। होली बाद किसी भी दिन शताब्दीनगर सेक्शन पर संचालन की घोषणा हो जाएगी। रैपिड रेल कॉरिडोर में मेरठ साउथ से शताब्दीनगर के बीच दो स्टेशन परतापुर और रिठानी हैं, जहां से केवल मेट्रो की सेवा उपलब्ध होगी। ऐसा देश में पहली बार है कि एक ही इन्फ्रास्ट्रक्चर पर सेमी हाई स्पीड और मेट्रो ट्रेन दौड़ती नजर आएगी। एनसीआरटीसी अधिकारियों के अनुसार शताब्दीनगर स्टेशन पर सिविल निर्माण पूर्ण हो गया है। अब फिनिशिंग कार्य तेजी से चल रहा है। करीब 215 मीटर लंबे इस स्टेशन पर दो ट्रैक हैं और दोनों बिछाए जा चुके हैं। स्टेशन पर चार लिफ्ट लगाई जा चुकी हैं। प्लेटफार्म स्क्रीन डोर्स (पीएसडी) भी लगाए जा चुके हैं। इस स्टेशन की ऊंचाई करीब 15 मीटर है। स्टेशन पर बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई है। तकनीकी कमरे बनाए जा चुके हैं।
परतापुर और रिठानी स्टेशन भी तैयार
परतापुर स्टेशन नमो भारत की तुलना में थोड़ा छोटा है, जिसकी लंबाई करीब 75 मीटर है। स्टेशन पर ट्रैक बिछ चुका है, ओएचई इनस्टॉलेशन का काम पूरा हो गया है। प्रवेश-निकास भी तैयार है। लिफ्ट और एस्केलेटर्स भी लगाए जा चुके हैं। फिनिशिंग कार्य भी लगभग पूर्ण हो गया है। रिठानी स्टेशन भी फाइनल हो गया है। यह करीब 75 मीटर लंबा है और लगभग 14 मीटर चौड़ा है। इस स्टेशन पर भी फिनिशिंग का कार्य तीव्र गति से जारी है। स्टेशन पर ट्रैक और ओएचई का काम पूर्ण हो गया है और मेट्रो के ट्रायल रन जारी हैं। स्टेशन पर तीन लिफ्ट और चार एस्कलेटर हैं।
मेरठ में 13 स्टेशनों पर मिलेगी मेट्रो सेवा
मेरठ वासियों को शहर में नमो भारत के अलावा मेट्रो सेवा भी मिलेगी। मेरठ में मेट्रो 23 किलोमीटर के स्ट्रेच पर 13 स्टेशनों पर उपलब्ध होगी। मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल (अंडरग्राउंड), भैंसाली (अंडरग्राउंड), बेगमपुल (अंडरग्राउंड), एमईएस, दौरली, मेरठ नॉर्थ, मोदीपुरम और मोदीपुरम डिपो। जून-2025 तक तय समयसीमा में इस पूरे प्रोजेक्ट को संचालित करने का लक्ष्य है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।