दिन भर ठप रही गंगा जल की सप्लाई, मेयर के आश्वासन पर हुई चालू
Meerut News - मेरठ के भोला की झाल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मचारियों ने नौ महीने से वेतन न मिलने पर गंगा जल की सप्लाई बंद कर दी। नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों ने स्थिति को संभालने के लिए प्रयास किए। मेयर ने...

मेरठ। भोला की झाल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मचारियों ने वेतन भुगतान न होने पर बुधवार को शहर की गंगाजल सप्लाई बंद कर दी। प्लांट के कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि नौ महीने से जल निगम, नगर निगम के बीच वेतन भुगतान और क्लोरिन आदि का पैसा फंसा हुआ है, ऐसी स्थिति में अब वे काम नहीं कर सकते। गंगाजल सप्लाई बंद होने से नगर निगम और जल निगम में हड़कंप मच गया। नगर निगम और जल निगम के अधिकारी कमिश्नर की बैठक छोड़कर दौड़े। प्लांट के कर्मचारियों का मान-मन्नौवल शुरू हुआ। मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने जल निगम को जल्द भुगतान का आश्वासन दिया।
तब शाम में कर्मचारियों ने प्लांट को चालू किया। शहर को भोला की झाल स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से गंगा जल की सप्लाई होती है। यहां काम करने वाले कर्मचारियों को करीब नौ महीने से वेतन नहीं मिला है। वेतन की मांग को लेकर मंगलवार शाम को भी कर्मचारियों ने प्लांट बंद किया था। बुधवार सुबह फिर कर्मचारियों ने प्लांट बंद कर दिया। कहा कि नौ महीने से वेतन नहीं मिला। न तो प्लांट को क्लोरीन की सप्लाई हो रही है, न ही उनका काम चल रहा है। वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन जल निगम की एक एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। ------------------- दो करोड़ का है बकाया कर्मचारियों के अनुसार वेतन, क्लोरिन आदि का खर्च मिलाकर करीब दो करोड़ का बकाया है। क्लोरिन की आपूर्ति करने वाले ठेकेदार ने भी सप्लाई बंद कर दी। शाम में क्लोरिन का दो सिलेंडर उपलब्ध कराया गया। तब जाकर प्लांट को चालू किया गया। ----------- पांच लाख की आबादी हुई प्रभावित शहर में गंगा जल की आपूर्ति सिविल लाइन, घंटाघर, बच्चा पार्क, विकास विहार आदि के इलाकों की करीब पांच लाख की आबादी को की जाती है। दिन भर इन इलाकों से जुड़े 50 से अधिक मोहल्लों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। इससे पूर्व भी सोमवार-मंगलवार को भी हरिद्वार से दिक्कत होने के कारण गंगा जल की आपूर्ति बाधित हुई थी। ------------ यह स्थिति ठीक नहीं है यह स्थिति ठीक नहीं है। मैनें आश्वस्त किया है कि गंगा जल प्लांट का रखरखाव करने वाली कंपनी का बकाया जल्द से जल्द कराया जाएगा। शहर की जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा -हरिकांत अहलूवालिया, मेयर। ----------- कुछ समस्या हुई थी, अब चालू हो गया क्लोरीन आदि को लेकर कुछ समस्या हुई है। इस कारण संचालन में दिक्कत हुई थी। वैसे शहर में जलापूर्ति सामान्य रही। नगर निगम ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई करता रहा। शाम में प्लांट चालू हो गया -पंकज कुमार, अपर नगर आयुक्त व जीएम जल।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।