बोले मेरठ : यहां है समस्याओं का अंबार इधर भी ध्यान करो सरकार
Meerut News - मेरठ के रजपुरा क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या गंभीर हो गई है। ग्रीन पार्क और अमन विहार कॉलोनियों के लोग रोजाना सड़क पर भरे गंदे पानी से गुजरते हैं। बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित माता-पिता ने...
मेरठ। मवाना रोड स्थित गंगानगर से सटा हुआ रजपुरा क्षेत्र हाईवे से मात्र कुछ कदमों की दूरी पर है, लेकिन यह बदहाली का पर्याय बन चुका है। इस क्षेत्र में सड़कों पर गंदगी, जलभराव और अंधकार पसरा रहता है। आसपास कई पॉश कॉलोनियां हैं, साथ ही नित नई कॉलोनियां काटी जा रही हैं। बावजूद इसके इस इलाके के हालात बदतर हैं। यहां जल निकासी का कोई साधन नहीं है। सड़कों पर भरा गंदा पानी लोगों के लिए मुश्किलें पैदा कर रहा है। हाईवे के किनारे ग्रीन पार्क और अमन विहार कॉलोनियां हैं, जो रजपुरा क्षेत्र में आती हैं, कहने को शहर से लगा इलाका है, लेकिन ग्राम पंचायत का क्षेत्र हैं।
रजपुरा क्षेत्र की इन कॉलोनियों में 3000 से अधिक लोग रहते हैं। ग्रीन पार्क और अमन विहार कॉलोनी के लोगों का कहना है कि हमनें अपनी मेहनत की कमाई से यहां घर बसाए, लेकिन इन घरों तक पहुंचने का रास्ता आजकल कठिन हो गया है। सड़कें, कीचड़, गड्ढों और गंदे पानी से लबालब हैं, जिनमें पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहन से गुजरना भी जोखिम भरा है। करीब सौ मीटर तक सड़क पर नालियों का गंदा पानी भरा हुआ है। इलाके के लोग सड़क पर जलभराव, गंदे पानी की निकासी की समस्या, गंदगी और साफ-सफाई की दिक्कतों से जूझते रहते हैं। इन सभी समस्याओं का समाधान हो तो लोगों को राहत मिले। चार गांवों के हजारों लोग रोज गुजरते हैं इस रास्ते से : ग्रीन पार्क और अमन विहार कॉलोनियों के बीच से जाने वाली सड़क यहीं तक सीमित नहीं है। आसपास के चार बड़े गांवों के हजारों लोग इसी रास्ते से रोजाना आना-जाना करते हैं। यह रास्ता इनके लिए जीवन रेखा है, लेकिन इस जीवन रेखा पर खतरे का साया मंडराता रहता है। हिन्दुस्तान बोले मेरठ टीम ने इस इलाके के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास किया। सड़कों पर जलभराव के कारण गड्ढे हो गए हैं। बदहाल सड़क से गुजरते हैं पांच स्कूलों के बच्चे अमन विहार कॉलोनी में रहने वाले लोग सड़क पर भरे गंदे पानी को लेकर कहते हैं कि सबसे बड़ी समस्या उन मासूम स्कूली बच्चों की है, जो हर सुबह इसी रास्ते से होकर पढ़ने जाते हैं। वह गंदे पानी से भरी सड़क को पार करते हैं, कई बार कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं। इस कारण कई बच्चों के माता-पिता ने स्कूल भेजना ही बंद कर दिया है, क्योंकि उनके लिए शिक्षा से पहले बच्चों की सुरक्षा है। इस जलभराव का सबसे बड़ा कारण इलाके में निकासी की व्यवस्था नहीं होना है। बरसात के पानी की निकासी तो छोड़िये, यहां नालियों के गंदे पानी की निकासी भी नहीं है। ग्राम पंचायत,प्रशासन कर रहा है अनदेखी यहां अमन विहार कॉलोनी में रहने वाले प्रिंस सिवाच, आयुष बिल्टोरिया, मनोज देवी और नीरज शर्मा कहते हैं, कि इस क्षेत्र की बदहाली की सबसे बड़ी वजह है, ग्राम पंचायत और प्रतिनिधि की निष्क्रियता। ग्राम प्रधान इस रास्ते से गुजरता नहीं है, क्योंकि यहां सड़क पर जलभराव है और काफी दूर तक पानी में चलना पड़ता है। नालियां सालों से साफ नहीं हुईं, निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, और जो सड़कें पीडब्ल्यूडी ने बनाई थीं, उनमें अब गड्ढे ही गड्ढे हैं। सुनवाई भी कहीं नहीं हो रही है। कॉलोनियां काटी जा रहीं पानी की निकासी नदारद रजपुरा क्षेत्र की अमन विहार और ग्रीनपार्क कॉलोनी के लोगों का कहना है, कि वे जलभराव के कारण काफी परेशान हो चुके हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन इस जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। यहां कई कॉलोनाइजर कॉलोनियां काट रहे हैं। आसपास बड़े कॉलेज भी हैं, लेकिन कहीं भी गंदे पानी की निकासी का साधन नहीं है। अगर रजपुरा क्षेत्र में कॉलोनियों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी पास के नाले में कर दी जाए तो राहत मिल जाएगी। सुझाव रजपुरा क्षेत्र में कॉलोनियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता है इलाके में नालियां पूरी तरह टूटी पड़ी हैं और निकासी नहीं है सड़कों पर जलभराव के कारण संक्रमण का खतरा बना हुआ है लोगों को रोज गंदे पानी से निकलना पड़ता है, चोटिल होते हैं स्ट्रीट लाइटों की कहीं भी व्यवस्था नहीं है, अंधेरा रहता है शिकायतें कॉलोनियों और रजपुरा के गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था हो नालियों की सफाई हो और उनकी मरम्मत की जानी चाहिए सड़कों पर हो रहे जलभराव का निस्तारण जल्द होना चाहिए इलाके के गंदे पानी की निकासी का स्थाई समाधान होना चाहिए पूरे क्षेत्र में खंभों पर स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था होनी चाहिए मेरी भी सुनो पूरे इलाके में कहीं भी जल निकासी का साधन नहीं है, नालियां जब से बनी हैं आजतक साफ नहीं हुईं। - कंवरपाल लोगों के घरों का गंदा पानी सड़कों पर आता है, नालियां पूरी तरह चोक हैं, जिनकी निकासी कहीं नहीं है। - अनिकेत आए दिन लोग इस गंदे पानी में गरते रहते हैं, कई बार ठेले भी पलट चुके हैं, लोगों का नुकसान हो चुका है। - रामपत गंदे पानी से चार गांवों व कई कॉलोनियों के लोग निकलते हैं, कई स्कूल व कॉलेज के बच्चे भी आते-जाते हैं। - मनोज शर्मा सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है, पैदल तो यहां से जाना संभव ही नहीं है। - योगेंद्र गंदगी व जलभराव के कारण इलाके में संक्रमण का डर बना हुआ है, हमारे परिवार में दो किडनी मरीज भी हैं। - प्रिंस सिवाच इस पूरे इलाके में जल निकासी की व्यवस्था कहीं नहीं है, जिसके चलते जलभराव की समस्या बनी रहती है। - आयुष बिल्टोरिया हाईवे होने के कारण आसपास बड़ी कॉलोनियां हैं, इसके बावजूद इलाके की हालत बदतर है, समाधान जरूरी है। - सुभम रजपुरा इलाका शहर से लगा हुआ है, कई बड़ी कॉलोनियां हैं, इसके बावजूद यहां जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। - धर्मवीर आगे जाकर स्कूल और कॉलेज हैं, रोज सैकड़ों बच्चे इस गंदे पानी से गुजरते हैं, कई बार बच्चे गिर भी जाते हैं। - मनोज देवी इलाके में मौजूद सभी नालियों गंदगी से अटी पड़ी हैं, जब से बनी हैं आजतक एक बार भी सफाई नहीं हो पाई है। - संतरपाल आसपास स्कूल हैं, कॉलेज हैं और कई बड़ी कॉलोनियां हैं, इसके बावजूद इस इलाके में जलभराव की व्यवस्था नहीं है। - मोहित वोट मांगने वाले भी अब तो यहां से नहीं गुजरते, उन्होंने भी रास्ता बदल लिया है, लेकिन समाधान नहीं करते। - अभिनव सड़कों पर भरे गंदे पानी के कारण इलाके में संक्रमण का खतरा बना हुआ है, जिसको कोई देखने वाला ही नहीं है। - इंद्रजीत बच्चे घर से भी नहीं निकलते, कई बार फिसलकर गिर जाते हैं, यहां गंदे पानी से बचकर निकलना पड़ता है। - नीरज शर्मा बेचारे बुजुर्ग लोग तो इस पानी से निकल भी नहीं पाते, महिलाएं भी बहुत परेशान रहती हैं, इसका समाधान हो। - मुनेश इलाके में मच्छरों और कीड़े मकौडे पनपने लगे हैं, कई बार बरसात में गंदा पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। - सुमन स्कूल-कॉलेज के बच्चे इस गंदगी में फिसलकर गिरते रहते हैं, सड़क पर भरे इस जलभराव का समाधान होना चाहिए। - शिल्पा लोग कॉलोनियां काटते जा रहे हैं, लेकिन जलनिकासी की व्यवस्था कहीं भी नहीं है, सड़कें गंदे पानी से भरी रहती हैं। - रवि कुमार सड़क पर गंदा पानी भरा रहता है, जिसके कारण संक्रमण का बहुत खतरा रहता है, बीमारों के लिए बड़ी दिक्कतें हैं। - अमरीष कुमार सड़क पर भरा यह पानी सूखता ही नहीं है, क्योंकि नालियों का पानी लगातार सड़क पर बहता है, निकासी है नहीं। - जसमीत
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।