जेवर एयरपोर्ट का कृषि निर्यात में किसानों को मिलेगा लाभ: दिनेश प्रताप सिंह
Meerut News - उद्यान विभाग के 50 साल पूरे होने पर आयोजित मंडलीय औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी में मेरठ

उद्यान विभाग के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में शुक्रवार को मंडलीय औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन हुआ। गोष्ठी में शामिल हुए प्रदेश के उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ औद्यानिक खेती भी करनी चाहिए, ताकि उनकी आमदनी दो से तीन गुना बढ़ सके। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली, मेरठ और सहारनपुर मंडल के किसानों के बहुत नजदीक है। वह अपनी कृषि उपज लेकर डेढ़ से दो घंटे में वहां जा सकते हैं। यहां के किसान जेवर एयरपोर्ट के जरिये अपने कृषि उत्पादों को निर्यात भी कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों और वैज्ञानिकों की मदद से प्रदेश का उद्यान विभाग तेजी से विकास कर रहा है। जिस तरह अंग्रेजों ने हमें चाय पिलाकर गुलाम बनाया उसी तरह अब हम उन्हें आम खिलाकर गुलाम बना रहे हैं। आज हमारा दशहरी और रटौल प्रजाति का आम विदेशों में धूम मचा रहा है। किसानों से कहा कि वे रोजगार देने वाले बनें। कहा कि अधिकारी नौकरी छोड़कर औद्यानिक खेती के साथ खाद्य प्रसंस्करण की तरफ बढ़ रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार भारी सब्सिडी दे रही है। पॉली हाउस पर 28 लाख तक की सब्सिडी दी जा रही है, जबकि खाद्य प्रसंस्करण यूनिट पर 35 से 50 फीसदी अनुदान दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि रूस में रटौल आम 800 रुपये किलो तक बिक रहा है और खर्च 400 रुपये किलो तक आ रहा है। जेवर में एयरपोर्ट बन गया है अब यहां से आम को आराम से विदेश भेजा जा सकेगा। सिंह ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश शहद उत्पादन के साथ निर्यात में भी नंबर वन है। हमारे युवा मधुमक्खी पालन के साथ शहद प्रसंस्करण में भी आगे बढ़ सकते हैं। इससे पहले उन्होंने कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद स्टॉल भ्रमण कर उद्यमियों और किसानों से बात की। इसके बाद करोड़ों रुपये की विभागीय परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। गोष्ठी में अहमदाबाद विमान हादसे के दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस मौके पर विधायक छपरौली डॉ अजय तोमर, विधायक अनूपशहर संजय शर्मा, एमएलसी अश्विनी त्यागी, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी, मंडलायुक्त ह्रषिकेश भास्कर यशोद, पदमश्री किसान भारत भूषण त्यागी, निदेशक उद्यान डॉ बीपी राम, कर्नल देशवाल, डॉ आरके तोमर, संयुक्त निदेशक शाकभाजी डॉ. राजीव कुमार वर्मा, उप निदेशक मेरठ मंडल विनीत कुमार, उप निदेशक सहारनपुर मंडल पूजा आदि शामिल रहे। शाकभाजी, मसाला खेती के गुर बताए कृषि वैज्ञानिकों ने गोष्ठी में आए किसानों को शाकभाजी, मसाला और आम की आधुनिक खेती के बारे में जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने उन्नत बीज, बुआई, फसल प्रबंधन, रोग उपचार की विस्तार से जानकारी दी। डॉ मनोज कुमार सिंह, डॉ सुनील कुमार, शिवांगी सिंह, डॉ सत्यप्रकाश का विशेष योगदान रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।