गोरखपुर PWD पर तीन करोड़ का संपत्ति कर बकाया, नगर निगम ने मुख्य अभियंता का सील किया ऑफिस
तीन करोड़ रुपये संपत्ति कर बकाया होने शनिवार को गोरखपुर नगर निगम ने PWD के मुख्य अभियंता का ऑफिस सील कर दिया। बार-बार नोटिस के बाद भी बकाया भुगतान न करने पर निगम ने यह कार्रवाई की। हालांकि, 20 मिनट का बाद दफ्तर दोबारा खोल दिया गया।

तीन करोड़ रुपये संपत्ति कर बकाया होने शनिवार को गोरखपुर नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता राकेश वर्मा का कार्यालय सील कर दिया। बार-बार नोटिस के बाद भी बकाया भुगतान न करने पर निगम ने यह कार्रवाई की। हालांकि, 20 मिनट का बाद नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर दफ्तर को खोल दिया गया। चेताया गया कि सोमवार तक बकाया जमा न करने पर दोबारा सील की कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को दोपहर दो बजे के करीब नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय के नेतृत्व में कर विभाग और प्रवर्तन दल की टीम पहुंची थी। मौके पर लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता नहीं थे। इसके बाद निगम की टीम ने दफ्तर को खाली करवा कर सील कर दिया। सूचना पाकर थोड़ी देर में मुख्य अभियंता राकेश वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने एमकेएनए विनय राय से बात की। इसके बाद नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर दफ्तर को खोल दिया गया। मोहलत दी गई कि सोमवार तक बकाया जमा करें, अन्यथा दोबारा दफ्तर सील कर दिया जाएगा। फिलहाल नगर निगम इस सख्त रूख से सम्पत्ति कर जमा नहीं करने वाले दूसरे सरकारी दफ्तरों में भी बेचैनी बढ़ गई है। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं में भी इस कदम से रोष है।
बकाए में 9 दुकानें सील
नगर निगम के कर विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों ने नगर निगम दुकानों के किराए एवं बड़े बकायेदारों के विरूद्ध कड़ा रुख अपनाया हुआ है। गुरुवार को बकाएं में 9 दुकानें सील कर दिया। शुक्रवार को जोन 2 कचहरी स्टेशन रोड एवं लालडिग्गी में की दुकान संख्या 116028. 173002, 173005, एवं 173009 को बकाए में सील कर दिया। एक दुकान संख्या 173006 के द्वारा मौके पर 41608 रुपये जमा किया गया। जोन 03 में कार्यवाही के दौरान इंदिरा बाल बिहार 6 दुकानों से रुपये 1.72 लाख की वसूली की गई। यहां भी एक दुकान सील किया गया।
जोन 5 में असुरन चौक से पादरी बाजार तक कार्यवाही हुई जिसमें नगद एवं चेक से 133140 रुपये मौके पर जमा किया। इस जोन में दुकान संख्या 92, 93, 96, 3 अर्थात कुल 4 दुकानों को सीज किया गया। अभियान में बीके लाल कर अधीक्षक जोन 2, संतोष कुमार गुप्ता कर अधीक्षक जोन-5 एवं जोन-3 के कर निरीक्षक, फरहान अहमद के साथ कर विभाग राजस्व निरीक्षक वसूलीकर्ता के साथ प्रवर्तन दल उपस्थित रहे।