बारिश से हाईवे सहित कई सड़कें जलमग्न
Pratapgarh-kunda News - दिन भर चटख धूप से भीषण गर्मी झेल रहे जिले के लोगों को रविवार शाम करीब चार बजे झमाझम बारिश से राहत दी। बारिश से गर्मी का असर कम हो गया। घंटे भर में 50

प्रतापगढ़, संवाददाता। दिनभर चटख धूप से भीषण गर्मी झेल रहे जिले के लोगों को रविवार शाम करीब चार बजे झमाझम बारिश से राहत दी। बारिश से गर्मी का असर कम हो गया। घंटे भर में 50 मिलीमीटर से अधिक बारिश से हाईवे सहित शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। बारिश के साथ आई आंधी ने कई जगह मुश्किल खड़ी कर दी। घर पर पेड़ गिर गए। टिनशेड उड़ गए और विद्युत आपूर्ति ध्वस्त हो गई। देर शाम तक कई इलाके में विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। पुरवा हवा के बीच लोग शनिवार रात के साथ ही रविवार शाम चार बजे गर्मी से विचलित रहे।
शनिवार रात 30.6 और रविवार को दिन में 42.0 डिग्री तापमान ने लोगों को उमस से उबाल दिया। रविवार शाम करीब चार बजे अचानक बादल घुमड़ने लगे तो धूप गायब हो गई। कुछ ही देर में तेज हवा के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गई। तेज हवा से शहर के करीब शुकुलपुर में विनोद शुक्ला के घर पर नीम का पेड़ गिर गया। इससे मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कचहरी के पास विक्टोरिया लाइट गिर गई। इसके बाद करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया। शहर के बीच से गुजरे अयोध्या-प्रयागराज हाईवे सहित सिनेमा रोड, स्टेशन रोड, सिप्टैन रोड सहित कई अन्य मोहल्ले की गलियां जलमग्न हो गईं। बारिश के दौरान शहर सहित पूरे जिले की बिजली उड़ गई। बारिश थमने के बाद शहर की विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई। जबकि ग्रामीणांचल के उपकेंद्र अंधेरे में रहे। सड़क पर गिरा पेड़, आवागमन बाधित दयालगंज बाजार। आसपुर देवसरा से दाउदपुर संपर्क मार्ग पर आंधी के दौरान विशालकाय आम का पेड़ गिर गया। इससे आवागमन बाधित हो गया। आम के बाग में पेड़ से भारी मात्रा में फल गिर गए। वज्रपात से गिरी दीवार, महिला घायल कोहंडौर। थाना क्षेत्र के शाहपुर बघुमरा गांव निवासी अनुसूचित जाति का कुट्टू राजमस्त्री है। आंधी आने के दौरान उसकी 50 वर्षीय पत्नी भानुमती बाथरूम के अंदर थी। तभी तेज गरज के साथ बाथरूम पर वज्रपात हो गया और दीवार गिर गई। इससे अंदर मौजूद भानुमती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अचेतावस्था में कोहंडौर सीएचसी लाया गया। यहा से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।