दंपती का शव रखकर लालगंज-सांगीपुर मार्ग किया जाम
Pratapgarh-kunda News - सांगीपुर में एक दंपती सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। शिवपति की प्रयागराज ले जाते समय मौत हो गई, जबकि कमलेश ने अगले दिन दम तोड़ दिया। परिजनों ने शव रखकर लालगंज सांगीपुर मार्ग पर जाम लगाया। पुलिस ने शव...
सांगीपुर, हिन्दुस्तान संवाद। हादसे में मृतक दंपती के शव रखकर परिजनों ने लालगंज सांगीपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। अधिकारियों के प्रयास से घंटे भर बाद शव हटाया गया। इसके बाद आवागमन बहाल हुआ। सांगीपुर थाना क्षेत्र के देऊम पश्चिम निवासी कमलेश कनौजिया और उनकी पत्नी शिवपति मंगलवार शाम बाइक से बाजार जाने के दौरान कार की टक्कर से घायल हो गए थे। शिवपति की प्रयागराज ले जाते समय मौत हो गई। जबकि कमलेश ने दूसरे दिन दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना के दिन ही कार बरामद कर चालक नीरज को हिरासत में ले लिया था। बुधवार को दंपती का शव पोस्टमार्टम के बाद एक साथ घर पहुंचा। गुरुवार को सुबह नौ बजे परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए दंपती का शव लालगंज सांगीपुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर एसओ मनीष कुमार त्रिपाठी, लालगंज कोतवाल नीरज यादव मौके पर पहुंचे। लोग मांगों को लेकर हटने को तैयार नहीं हुए। राहगीरों की परेशानी देखते हुए पुलिस ने देऊम चौराहे से ही आवागमन थरिया रामगंज की ओर डायवर्ट कर दिया। एक घंटे बाद सीओ रामसूरत सोनकर पहुंचे और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए जाम हटवाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।