नाव पर चक्कर आने से गंगा में समाया नाविक, बचे श्रद्धालु
Pratapgarh-kunda News - प्रतापगढ़ के मानिकपुर में जेष्ठ पूर्णिमा पर एक नाविक श्रद्धालुओं को गंगा पार करा रहा था, तभी वह चक्कर आने से नदी में गिर गया। दूसरे नाविकों ने उसकी डगमगाती नाव को संभाल लिया और पांच श्रद्धालुओं को...

प्रतापगढ़, संवाददाता। जेष्ठ पूर्णिमा पर मानिकपुर के शाहाबाद घाट के पास श्रद्धालुओं को गंगा नदी पार करा रहा नाविक चक्कर आने से पानी में समा गया। करीब मौजूद दूसरे नाविक ने उसकी डगमगाती नाव को संभाल लिया। इससे नाव पर सवार पांच लोग सुरक्षित बच गए। मानिकपुर के राजघाट का रहने वाला 35 वर्षीय नरेश निषाद एक किलोमीटर दूर शाहाबाद घाट पर गंगा में नाव चलाता था। जेष्ठ पूर्णिमा पर सुबह पांच श्रद्धालुओं को नाव में बैठाकर गंगा पार करा रहा था। नदी की बीच धारा में चक्कर आने से वह पानी में समा गया। उसकी डगमगाती नाव देखकर आसपास के नाविक पहुंच गए।
लोगों ने नरेश की नाव संभाल कर उस पर मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना पर नरेश के परिजनों के साथ ही पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन कराई गई। करीब दो घंटे बाद नरेश का शव कुछ दूर आगे बरामद हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।