बोले प्रयागराज : रात में डराती है अंधेरे में डूबीं शहर की सड़कें
Prayagraj News - प्रयागराज की सड़कों पर शाम होते ही अंधेरा छा जाता है, जिससे लोगों को डर का सामना करना पड़ता है। हिन्दू हॉस्टल-मनमोहन पार्क और नूरुल्लाह रोड जैसे मार्गों पर स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से दुर्घटनाओं और...
बोले प्रयागराज : रात में डराती है अंधेरे में डूबीं शहर की सड़कें प्रयागराज, हिन्दुस्तान टीम।
शहर की तमाम सड़कों पर शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। हिन्दू हॉस्टल-मनमोहन पार्क हो या नूरुल्लाह रोड, शाम होते ही इन मार्गों से आवागमन खतरे से खाली नहीं है। शहर के पॉश इलाके में शुमार हिन्दू हॉस्टल-मनमोहन पार्क मार्ग पर पूर्व कुलपति, न्यायाधीश, प्रोफेसर, शिक्षाविद, डॉक्टर, इंजीनियर सहित तमाम नामचीन लोग रहते हैं। आजाद पार्क, जैन हॉस्टल, हिन्दू हॉस्टल, एमबी हाउस, साइंस फैकल्टी, नाजरेथ अस्पताल, उप श्रमायुक्त कार्यालय, कचहरी, विकास भवन, डीएम आवास एवं कार्यालय, पुलिस कमिश्नर कार्यालय सहित तमाम महत्वपूर्ण स्थल इस मार्ग की एक किमी की परिधि में आते हैं। शहर की इस अति व्यस्त सड़क पर स्ट्रीट लाइट का न जलना जिम्मेदारों की लापरवाही को बयां करता है। इसी प्रकार नूरुल्लाह रोड पुराने शहर की सबसे व्यस्त सड़क है। प्रयागराज जंक्शन (सिटी साइड) से करेलाबाग तक नूरुल्लाह रोड भी शाम होते ही अंधेरे में डूब जाती है। दोनों मार्गों की पटरियों पर अवैध कब्जा हो चुका है। सड़कों पर भी अस्थाई दुकानें लग रही हैं। अंधेरे में दोनों सड़कों पर आवाजाही खतरे से खाली नहीं। हॉस्टल-मनमोहन पार्क मार्ग किनारे रोड पटरी पर अवैध कब्जा बढ़ता जा रहा है। यहां रोड पटरी पर कब्जा करने वाले कौन हैं, यह पूछने वाला कोई नहीं है। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान ने यहां के लोगों की समस्या जाननी चाही तो लोगों ने खुलकर अपनी परेशानी बयां की और जिम्मेदारों से समाधान की मांग की।
शाम होते ही हिन्दू हॉस्टल से मनमोहन पार्क का रास्ता लोगों के लिए बेहद तकलीफदेह साबित हो रहा है। रात में अंधेरे में डूबी तारकोल की सड़कें डराती हैं। शहर की सड़कें, जहां रात में हाई मास्ट लाइट एवं एलईडी की रोशनी से जगमगाती रहती हैं, वहीं पॉश इलाके में गिना जाने वाला हिन्दू हॉस्टल-मनमोहन मार्ग का यह रास्ता शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है। कई महीने से यहां स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही है। स्थानीय लोगों ने शिकायत की, लेकिन समस्या का निदान नहीं हो पाया। सुबह से देर रात तक इस मार्ग पर यातायात का भारी दबाव रहता है। रात के अंधेरे में राहगीरों को जहां दुर्घटना का डर बना रहता है वहीं छिनैती, झपटमारी के अंदेशा भी रहता है। इस सड़क पर राहजनी की घटनाएं बराबर होती रहती हैं। हिन्दू हॉस्टल के पास बनी स्वास्तिक मंगलोनिया अपार्टमेंट में शांत एवं सुरक्षित माहौल में रह सकें इसलिए तमाम संभ्रांत लोगों ने आशियाना बनाया है, लेकिन अंधेरे में डूबी सड़क और आसपास बाहर से आए अनजान लोगों के अवैध कब्जे के कारण अपार्टमेंट में रहने वाले खुद को असुरक्ष्रित महसूस कर रहे हैं। अपार्टमेंट के लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में अपने स्तर से सोसाइटी के गेट पर लाइट की व्यवस्था कर रखी है लेकिन फिर भी उन्हें अंधेरी सड़क से होकर ही आना जाना पड़ता है। स्ट्रीट लाइट जले तो यहां रह रहे लोगों को राहत मिले और यहां से गुजरने वाले राहगीर भी सुरक्षित महसूस कर सकें। नूरुल्ला रोड का हाल भी हॉस्टल-मनमोहन पार्क मार्ग जैसा ही है। पुराने शहर के मार्ग पर अवैध कब्जा करने वाले स्थानीय लोग ही हैं। अंधेरा, अतिक्रमण के बीच सुबह से रात तक जाम लगता है। शहर के विस्तारित क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण सड़कों पर लाइट नहीं जल रही है।
पटरियों पर अवैध कब्जे से लोग सशंकित
हॉस्टल-मनमोहन पार्क मार्ग के दोनों तरफ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और यहां रह रहे हैं। यह लोग कौन हैं और यहां कैसे बस रहे हैं, इसके बारे में कोई बोलने को तैयार नहीं होता। दबी जुबान लोगों का कहना है कि इनकी भाषा कुछ अलग है और यह लोग बाहर से यहां लगातार आ रहे हैं। पहले चंद लोग यहां आए और सड़क पर अपना कारोबार शुरू किया, लेकिन देखते ही देखते इनकी तादात बढ़ती गई और अब यह हालत है कि सड़क के दोनों तरफ इनका अवैध कब्जा हो चुका है। इनकी भाषा और हावभाव से लोग इन्हें बाहरी बता रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से भी यह बेहद संवेदनशील मामला है जिसकी गहन पड़ताल जरूरी है। लोग बताते हैं कि पिछले दिनों में कई बार इन्हें हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन यह फिर आकर बस जाते हैं। आने वाले दिनों में यह गंभीर समस्या बन सकती है जिसका समय पर स्थायी निदान जरूरी है।
माहौल हो रहा प्रभावित
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे झोपड़ी, मड़ही आदि बनाकर बड़ी संख्या में बाहरी लोग यहां रह रहे हैं जिनके कारण आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम होते ही यह लोग शराब पीकर हंगामा करते हैं, तेज आवाज में भौंडे गाने बजाते हैं और मारपीट, गाली गलौज करते हैं। यहां बने पुलिस बूथ के पास पिछले दिनों नल लगने के बाद इनकी पानी की जरूरतें भी बिना परेशानी के पूरी हो रही है। सुबह शाम नल के पास लोग अर्ध नग्न अवस्था में भीड़ लगाकर नहाते हैं। सड़क के पास ही मलमूत्र त्याग करते हैं, हॉस्टल की बाउंड्री तोड़कर वहां शौच करते हैं। इन सबके कारण यहां का माहौल लगातार प्रदूषित हो रहा है।
इवनिंग वॉक से कतराते हैं संभ्रांत लोग
यहां आसपास रहने वाले लोग पहले कंपनीबाग, हाथी पार्क और आसपास टहलने के लिए निकलते थे लेकिन अब सड़क पर अंधेरा और बाहरी तत्वों के अवैध कब्जे के कारण पैदल निकलने से कतराने लगे हैं। अंधेरे में दुर्घटनाओं के साथ ही छिनैती, झपटमारी, छेड़खानी आदि का खतरा बना रहता है। यहां मार्ग प्रकाश की व्यवस्था के साथ अवैध कब्जा हटाने पर लोगों को काफी राहत मिल सकती है और लोग बेखौफ होकर टहलने के लिए पैदल बाहर निकल सकेंगे।
शिकायतें
1. स्ट्रीट लाइट नहीं जलती, सड़क पर अंधेरा रहता है।
2. सड़क की पटरियों पर अवैध कब्जा हो चला है।
3. भय और असुरक्षा का माहौल बना रहता है।
4. सड़क के किनारे पसरी गंदगी के कारण परेशानी हो रही है।
समाधान
1. जहां पोल नहीं हैं वहां पोल लगाना और खराब लाइटों को बदलना ।
2. पटरियों से अवैध कब्जा हटाकर अतिक्रमण से मुक्त कराना।
3. अराजक तत्वों के जमावड़े पर नजर रखने के साथ सुरक्षा के बंदोबस्त करना।
4. सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर लोगों को जागरूक करना।
स्ट्रीट न जलने से शाम होते ही रोड पर अंधेरा छा जाता है। शहर का मुख्य मार्ग है दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।-शैलेंद्र सिंह
स्ट्रीट लाइट बंद रहने की शिकायत की गई। अब तक समस्या दूर नहीं हो सकी है। फुटपाथ पर भी लोगों का कब्जा है।-दीपक दीक्षित
मनमोहन पार्क से हिन्दू हॉस्टल तक स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं। सड़क पर अंधेरा रहता है। गुरजते समय असुरक्षा का भाव रहता है।-सुनीत शुक्ला
रात में स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं। सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण भी है। स्ट्रीट लाइट ठीक कर अतिक्रमण को हटाया जाना चाहिए।-अभिषेक सिंह
फुटपाथ के अधिकतर हिस्से पर लोग झुग्गी बनाकर रह रहे हैं। मनमाना अतिक्रमण कर रखा है। वहीं शाम होते ही अंधेरा छा जाता है।-गिरीश कुमार त्रिपाठी
फुटपाथ पर काफी दूर तक अतिक्रमण है। पहले हटाया जा चुका है लेकिन फिर से लोग आकर बस गए हैं। स्ट्रीट लाइट भी नहीं जलती।-सीपी शर्मा
क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट नहीं जलती। तेज गति से वाहन दौड़ते हैं जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। मुख्य मार्ग है, लाइट जलनी चाहिए।-बृजेश केसरवानी
सड़क की लाइटें कभी जल भी जाती हैं तो देर रात फिर बंद हो जाती हैं। जिससे मेन रोड पर अंधेरा छा जाता है। गुजरने से डर लगता है।-विनोद पांडेय
स्ट्रीट लाइटें नहीं जलतीं। फुटपाथ पर भी लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। जिम्मेदारों को ध्यान देना चाहिए। समस्या का समाधान होना चाहिए।-प्रो. साहित्य कुमार नाहर
नगर निगम की ओर से सड़क किनारे बसे लोगों को हटाया जाता है लेकिन कुछ समय के बाद फिर लोग आकर बस जाते हैं। अवैध कब्जा कर रखा है।-एसपी दुबे
फुटपाथ पर अवैध कब्जा है। रात को स्ट्रीट लाइटों के न जलने से समस्या होती है। दुर्घटना के साथ लूट-छिनैती का डर बना रहता है।-डॉ. राकेश वर्मा
मनमोहन पार्क से लेकर हिंदू हॉस्टल तक आए दिन लाइटें बंद रहती हैं। सड़क पर अंधेरा रहता है। जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।- सुनील पुरवार
शहर का मुख्य मार्ग है, इसी से रोजाना हजारों लोगों का आना जाना होता है। लाइट बंद रहने से राहगीरों को भी समस्या होती है। लाइटें निरंतर जलनी चाहिए।-त्रिभुवन यादव
पहले सड़क की लाइटें जलती थीं लेकिन अब रोड पर अंधेरा रहता है। सामने वाली गाड़ी की लाइट चमकने से हादसे का खतरा बना रहता है।-प्रो. एमपी सिंह
स्ट्रीट लाइटों के न जलने से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। रोड के दोनों साइड फुटपाथ पर अतिक्रमण है। जिसे हटाया जाना चाहिए।-आशुतोष गोस्वामी
फुटपाथ पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। रहने वाले लोग गंदगी भी फैलाते हैं। जिसे हटाया जाना चाहिए। स्ट्रीट लाइट भी जलनी चाहिए।-सुशील तिवारी
रात में सड़क पर अंधेरा रहता है, लोग अंधेरे के कारण टहलने के लिए भी नहीं जा पाते। लाइट का इंतजाम होना चाहिए।-शरद अग्रवाल
बाहरी लोग यहां रह रहे हैं जिनकी पड़ताल होनी चाहिए, यह लोग तेज आवाज में भद्दे गाने बजाते हैं, मारपीट और गली गलौज करते हैं।-राजकुमार अग्रवाल
बोले जिम्मेदार -
हिन्दू हॉस्टल -मनमोहन पार्क मार्ग पर स्ट्रीट लाइट क्यों नहीं जल रही है इसके बारे में बिजली विभाग से पूछताछ की जाएगी। जैसे शहर के अन्य भाग में लाइट जल रही है उसी प्रकार यहां भी शीघ्र स्ट्रीट लाइटें जलने लगेंगी।
उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, महापौर, नगर निगम, प्रयागराज
यह इलाका हमारे क्षेत्र में नहीं है लेकिन समस्या है तो पता लगाकर शीघ्र स्ट्रीट लाइट की समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। कुछ लोग शरारतन लाइट को खराब कर दे रहे हैं उनका भी पता लगाया जाएगा।
आनंद घिल्डियाल आनू , पार्षद, वार्ड संख्या 61, कर्नलगंज
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।