पेयजल संकट से निपटने को जलकल ने खुद शुरू की तैयारी
Prayagraj News - प्रयागराज में जल संकट से निपटने के लिए जलकल विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। यमुना का जलस्तर घटने पर, जलकल पिछले साल की तरह सबमर्सिबल पंप लगाएगा। जल निगम की योजना में देरी के कारण जलकल को यह निर्णय लेना...
प्रयागराज। शहर की एक तिहाई आबादी को पेयजल संकट से बचाने के लिए जलकल विभाग ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। यमुना का जलस्तर घटने पर जलकल पिछले साल की तरह फिर यमुना में सबमर्सिबल पंप लगाएगा। यह काम पहले जल निगम को सौंपा गया था। जल निगम एक साल में पेयजल संकट से बचाने की योजना नहीं बना पाया, तब जलकल ने अपनी तैयारी शुरू की है। पिछले साल यमुना का जलस्तर कम होने पर शहर के बड़े हिस्से में पानी का संकट गहराया तो जलकल ने सबमर्सिबल पंप अस्थायी मदद ली थी। उसी समय जल निगम को यमुना का जलस्तर कम होने के बाद भी शहरवासियों को जरूरत का पानी उपलब्ध कराने के लिए स्थायी योजना बनाने के लिए कहा गया था। तब से महीनों बीत गए और जल निगम योजना नहीं बना सका। मार्च में यमुना का जलस्तर कम होने लगा तो जल निगम ने सुधि ली और यमुना में समबर्सिबल पंप लगाने का डीपीआर तैयार करना शुरू किया।
जलकल प्रबंधन यह मानकर चल रहा है कि डीपीआर तैयार होने और शासन से बजट मिलने तक यमुना का जलस्तर बेहद कम हो जाएगा। ऐसे में सबमर्सिबल पंप लगाने की जरूरत होगी। ऐसे में जलकल जोखिम उठाना नहीं चाहता। जलकल के अधिशासी अभियंता शिवम मिश्रा ने बताया कि इस बार सबमर्सिबल पंप से इनटेक वेल में पानी न उड़ेलकर सीधे खुसरोबाग के पाइप से जोड़ देंगे, ताकि पंप से निकलने वाला पानी सीधे खुसरोबाग के जलाशय में पहुंचे। अधिशासी अभियंता के मुताबिक जल निगम की योजना में विलंब होने के कारण जलकल इस साल भी सबमर्सिबल पंप लगाने का निर्णय लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।