इलाहाबाद विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के संचालन की तैयारी
Prayagraj News - मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग अब इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शुरू होने जा रही है। समाज कल्याण विभाग ने विश्वविद्यालय से दो कमरे मांगे हैं। यह कोचिंग सिविल सेवा, जेईई, नीट और अन्य परीक्षाओं के लिए नि:शुल्क...

जिले में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग में अच्छे प्रतियोगियों को जोड़ने के लिए अब इलाहाबाद विश्वविद्यालय में इसके संचालन की तैयारी है। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलसचिव से बात कर दो कमरे उपलब्ध कराने की मांग रखी है। मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की शुरूआत कुम्भ 2019 के बाद हुई थी। इसमें सिविल सेवा परीक्षा के साथ ही जेईई, नीट व एक दिवसीय परीक्षा की तैयारियों के लिए अभ्यर्थियों को नि:शुल्क कोचिंग दी जाती है। पहले साल इसकी कक्षाओं का संचालन जीआईसी में किया गया, लेकिन वहां पर बहुत प्रतियोगी नहीं पहुंच सके। बाद में संचालन केपी इंटर कॉलेज में शुरू किया गया, लेकिन यहां भी प्रतियोगियों बहुत अधिक नहीं आ रहे हैं।
ऐसे में विचार किया गया कि विश्विद्यालय के छात्र-छात्राएं स्नातक और परास्नातक करने के दौरान प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हैं, लिहाजा कोचिंग का संचालन वहीं किया जाए। जिससे छात्र-छात्राएं कक्षाओं के बीच जब भी समय मिले तो अभ्युदय कोचिंग में कक्षाएं कर लें और उन्हें लाभ भी हो जाए। इसके लिए कुलसचिव से वार्ता कर दो कमरे मांगे गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रज्ञा पांडेय ने बताया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार से बात हो चुकी है। हमारी दो कमरों की मांग है। जैसे ही कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे और विश्वविद्यालय प्रशासन अनुमति देगा तो हम वहीं पर एक काउंटर बनाकर पंजीकरण करा लेंगे और तत्काल पढ़ाई शुरू करा देंगे। वर्तमान में हमारे पास फैकेल्टी पूरी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।