जलस्तर घटने, बिजली समस्या से एक तिहाई शहर की आपूर्ति में बढ़ रही कटौती
Prayagraj News - प्रयागराज में यमुना का जलस्तर घटने के साथ बिजली कटौती से जलापूर्ति में कमी आ रही है। पहले 15-30 मिनट तक प्रभावित होने वाली सप्लाई अब 45 मिनट तक कम हो गई है। जलकल विभाग ने कहा कि अगर बिजली कटौती जारी...
प्रयागराज। यमुना का जलस्तर घटने के साथ सुबह-शाम बिजली कटौती से एक तिहाई शहर की जलापूर्ति तेजी से घट रही है। दो दिन पहले तक 15-30 मिनट तक सप्लाई प्रभावित हो रही थी। अब प्रतिदन 45 मिनट तक हजारों परिवारों को कम पानी मिल रहा है। यमुना का जलस्तर तेजी से घटने के बाद करेलाबाग के तीन इनटेक वेल भरने के लिए अब पांच पंप लगाए गए है। चार पंप इनटेक वेल तीन एक और इनटेक वेल एक में लगाया गया है। बिजली कटौती के चलते पांच पंपों के लगातार संचालन मे व्यवधान हो रहा है। बिजली सप्लाई 10 मिनट के लिए भी बंद होने पर आधा घंटा तक इनटेक वेल भरने का काम रुक जाता है।
इसी प्रकार बिजली कटौती के चलते खुसरोबाग से भी सप्लाई प्रभावित हो रही है। जलकल विभाग के इंजीनियरों ने बताया कि दो दिन पहले तक अधिकतम आधा घंटा तक जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी। अब जलापूर्ति घटने का दायरा 45 मिनट तक हो गया है। यमुना का जलस्तर घटता रहा और बिजली की कटौती नहीं थमी तो भविष्य में एक तिहाई शहर की जलापूर्ति में एक घंटा तक कटौती करनी पड़ सकती है। जलकल विभाग के सचिव शिवम मिश्रा ने बताया कि यमुना और खुसरोबाग से जलापूर्ति को बरकरार रखने के लिए हर संभव कोशिश हो रही है। सचिव के अनुसार बिजली कटौती न हो तो खुसरोबाग से आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।