आंधी-बारिश से गेहूं को नुकसान, आम का बौर गिरा
Rampur News - शुक्रवार रात को आई आंधी और बारिश ने रामपुर में किसानों के गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया। कटाई के लिए तैयार फसल और खलिहानों में रखी गई फसल भी भीग गई। हालांकि, जिला प्रशासन ने नुकसान को शून्य बताया।...

शुक्रवार रात को आंधी के साथ हुई बारिश से खेतों में पक कर तैयार गेहूं की फसल को नुकसान हुआ। किसानों का कहना है कि कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल और खलिहानों में काटकर रखी गई गेहूं की फसल के भीग जाने से नुकसान हुआ है। हालांकि जिला प्रशासन के आंकड़ों में नुकसान शून्य है। आंधी-बारिश के कारण जिले के विभिन्न इलाकों में विद्युत आपूर्ति ठप रही। इससे लोग गर्मी में परेशान हुए। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार रात में अचानक से मौसम बदला था। आंधी के साथ-साथ बारिश होने से मौसम परिवर्तित हो गया। इससे खासतौर से किसानों को काफी नुकसान पहुंचा है। खेतों में गेहूं की फसल खड़ी थी। कुछ खेतों में मड़ाई का काम भी चल रहा था। आंधी बारिश में गेहूं को नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश कुछ अधिक हो जाती या फिर ओलावृष्टि हो जाती तो गेहूं का दाना काला पड़ जाता और उसकी क्वालिटी में कमी आ जाती, जिससे हम लोगों को काफी नुकसान हो जाता। जिला प्रशासन ने जिले में आंधी और बारिश से अभी किसी फसल में नुकसान को नहीं माना है। आंधी-बारिश में आम को नुकसान हुआ। आम का बौर हवाओं में बिखर गया। इससे आम की उत्पादकता पर असर पड़ेगा। शनिवार को दिन भर मौसम साफ रहा। आसमान से धूप निकली तो किसान खेतों की ओर चले गए। खेतों में दिन भर गेहूं की कटाई और मड़ाई का काम होता रहा। किसानों का कहना है कि अब बारिश होगी तो उनका काफी नुकसान हो जाएगा।
बोले कृषि अधिकारी
आंधी और बारिश में फसल को विशेष नुकसान नहीं है। कुछ स्थानों पर फसल गिरी है, अगर मौसम साफ रहेगा तो नुकसान बच जाएगा। मौसम को देखते हुए किसानों से अपील है कि वे खेतों में फसल की कटाई का काम शीघ्र पूरा कर लें। गेहूं, चना एवं मसूर आदि फसलों की कटाई, मढ़ाई एवं ओसाई का कार्य मौसम अनुकूल होने पर ही करें। यदि फसल कटी पड़ी है तो उसे इकठ्ठा करके तिरपाल आदि से ढंक लें।
-डा. कुलदीप सिंह राणा, जिला कृषि अधिकारी।
बोले मौसम वैज्ञानिक
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 11 व 12 मार्च को रामपुर में बारिश के आसार थे, मगर अब मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। रविवार को कुछ जगह आंशिक रूप से बादल रहेंगे मगर बारिश की संभावना नहीं दिख रही है। मौसम साफ रहेगा तो हीटवेव की आशंका बढ़ जाएगी।
-डा. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक।
न्यूमेरिकल्स
-33 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान।
-35 प्रतिशत नमी रही वातावरण में।
-2.3 किलोमीटर प्रति घंटा गति से पश्चिम से हवा चली।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।