नगर निगम ने शुरु की कांवड़ यात्रा की तैयारियां
Saharanpur News - सहारनपुर नगर निगम ने कांवड़ यात्रा की तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। कांवड़ मार्ग को सजाने, पेयजल व्यवस्था, और पेड़ों की छंटाई की जा रही है। गोल्डन कलर की स्ट्रीप लाइट्स लगाई जाएंगी। 42 कांवड़ शिविरों में...

सहारनपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम ने अपनी तैयारियां शुरु कर दी है। कांवड़ रुट को सजाने-संवारने से लेकर पेयजल व पेड़ों की कंटाई-छंटाई आदि तक के इंतजाम पर कार्य शुरु हो गया है। कांवड़ मार्ग की सुंदरता को बढ़ाने के लिए गोल्डन कलर की स्ट्रीप लाइट लगवाने का कार्य भी शुरु कर दिया गया है। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर कांवड़ यात्रा से सम्बद्ध नगर निगम के सभी विभागों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारी शुरु कर दी है। कांवड़ यात्रा के दौरान कुम्हार हेड़ा से बड़ी नहर तक करीब 42 कांवड़ शिविर लगाये जाते है। इन शिविरों में जलापूर्ति एवं कांवड़ियों के स्नान आदि के लिए जलकल विभाग द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर पम्प स्थापित कर स्नान के लिए शावर व टोंटियां लगायी जाती है।
अधिशासी अभियंता जल एवं प्रभारी लाइट वीबी सिंह ने बताया कि उक्त मार्ग पर निगम द्वारा लगभग 38 बोरिंग की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने बताया कि उक्त सभी बोर की चैकिंग का काम शुरु करने के अलावा पेयजल आपूर्ति आदि के लिए स्टोर में रखे सामान को भी जांचा-परखा जा रहा है। सहायक नगरायुक्त/उद्यान प्रभारी शिवराज सिंह ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर सभी डिवाइडरों पर लगाये पौधों को कांट-छांट कर व्यवस्थित किया जा रहा है तथा सड़क किनारे खड़ी घास-फूंस और बडे़ पेड़ों की नीचे लटकती टहनियों की कंटाई-छंटाई भी युद्ध स्तर पर की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।