खलीलाबाद शहर की बदलेगी तस्वीर, जाम से मिलेगी निजात
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में खलीलाबाद शहर में सुविधाओं का इजाफा होगा। शहर
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में खलीलाबाद शहर में सुविधाओं का इजाफा होगा। शहर की तस्वीर बदलने के साथ ही जाम से भी लोगों को निजात मिलेगी। इसके लिए करीब 25 करोड़ रुपए खर्च होंगे। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। शिलान्यास के बाद से ही विभागीय जिम्मेदार निर्माण कार्य की तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं शहरवासियों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। मल्टी स्टोरी पार्किंग, कल्याण मंडपम और ऑडिटोरियम बनने से लोगों की सुविधाओं में इजाफा होगा। खलीलाबाद शहर के शस्त्रीनगर मोहल्ले में 13.45 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट पार्किंग का निर्माण होगा। यहां पर दो पहिया वाहनों के साथ ही चार पहिया वाहन पार्क होंगे।
इस पार्किंग के बनने से शहर में खड़े हो रहे बेतरतीब वाहन अब पार्किंग में खड़े होंगे। इसके अलावा तमाम ऐसे लोगों को भी लाभ मिलेगा जो रोड पर ही अपने वाहनों का खड़ा करते हैं। पार्किंग में खड़ा करने से इनके वाहन भी सुरक्षित होंगे और सड़कों से जाम भी हटेगा। शहर के लोग काफी दिनों से पार्किंग बनाने की मांग कर रहे थे। त्योहारी सीजन में सड़क पर खड़े बेतरतीब वाहन बड़ी समस्या बनते हैं। जगह न होने के कारण लोग सड़क पर खड़ा करते हैं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस द्वारा इनके वाहनों का चालान भी कर दिया जाता है। इससे भी लोगों को राहत मिलेगी। 5.32 करोड़ से बनेगा ऑडिटोरियम शहर के शास्त्री नगर मोहल्ले में 5.32 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम का निर्माण होगा। इस ऑडिटोरियम के निर्माण से शहर के लोगों को विविध कार्यक्रमों के लिए अब मैरेज हॉल अथवा होटल में नहीं जाना पड़ेगा। यहीं पर अपने कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। सरकारी मीटिंग भी यहीं हो हो सकेगी। इस ऑडिटोरियम में अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। इसमें डिजिटल साउंड सिस्टम, डिजिटल साइनेज, सीसीटीवी, लाइट एंड साउंड सिस्टम, प्रोजेक्टर सहित अन्य उपकरण उपलब्ध रहेंगे। 300 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। पूरा ऑडिटोरियम सेंट्रल एसी से सुसज्जित होगा। इसमें सामान्य दर्शक दीर्घा के साथ ही वीवीआईपी दीर्घा को भी बनाया जाएगा। मंच के साथ ही वीआईपी सूट भी बनेगा। जिससे अधिकारी, मंत्री सहित अन्य वीआईपी यहां रुक भी सकें। 5.54 करोड़ से बनेगा कल्याण मंडपम मुख्यमंत्री सृजन योजना के तहत बरईटोला में कल्याण मंडपम का निर्माण होगा। 5.54 करोड़ की लागत से बनने वाले इस मंडपम में अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। यह मंडपम नगरपालिका के संरक्षण में रहेगा। इससे नपा क्षेत्र की आय में भी इजाफा होगा। लोग निर्धारित शुल्क जमाकर इसकी बुकिंग करा सकेंगे। इस मंडपम में बड़े हॉल के साथ ही कमरे भी बनाए जाएंगे। जिससे विवाह आदि के समय लोगों को कोई दिक्कत न हो। इसके पास वाहन पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके बनने से लोगों को महंगे मैरेज हॉल नहीं बुक करने होंगे। कम खर्च में ही बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही नगर पालिका की आय में भी वृद्धि होगी। नपा प्रशासन इस मंडपम के निर्माण को लेकर काफी गम्भीर है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।