पिकअप की चपेट में आने से बालक की मौत
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, निज संवाददाता। धनघटा क्षेत्र के उमरिया में बुधवार को पिकअप की चपेट में

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। धनघटा क्षेत्र के उमरिया में बुधवार को पिकअप की चपेट में आने से बालक की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से घर का चिराग बुझ गया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस आए परिजन और रिश्तेदार बिलख पड़े। हर कोई बालक की मौत पर अफसोस कर रहा था। धनघटा क्षेत्र के खैरगाड़ गांव के रहने वाले कृष्णचंद्र यादव की साली की शादी उमरिया में हुई है। चार दिन पूर्व कृष्णचंद की पत्नी विजय लक्ष्मी और उनका इकलौता 06 वर्षीय बेटा अथर्व गर्मी की छुट्टी में घूमने के लिए उमरिया निवासी रिश्तेदार राजदेव के घर गए थे।
बुधवार को अथर्व अपने मौसा के घर से कुछ ही दूरी पर सामान खरीदने गया था। उसी दौरान गुजरी पिकअप ने अथर्व को टक्कर मार दिया। हादसे में बालक गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद आस-पास के लोग जुट गए। पीड़ित मौसा राजदेव ग्रामीणों की मदद से घायल अथर्व को सीएचसी हैंसर ले गए। वहां देखते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित मौसा राजदेव ने बताया कि अथर्व अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसकी इकलौती 08 वर्ष की बहन दिव्या है। पीड़ित पिता कृष्ण चंद्र यादव घर ही रहते हैं। इकलौते बेटे की मौत से पीड़ित मां विजय लक्ष्मी और पिता कृष्णचंद्र फफक पड़े। एसओ रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।