महिला सर्जन ने डॉक्टर पति पर लगाए गंभीर आरोप
Shahjahnpur News - शहर में हलचल मच गई जब डॉ. दीपिका अग्रवाल ने अपने पति डॉ. कुमार नितीश पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और विदेशी महिला से संबंध रखने के गंभीर आरोप लगाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने न्याय की गुहार लगाई, बताया...

शहर के चिकित्सा जगत में उस समय हलचल मच गई जब स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर दीपिका अग्रवाल ने अपने न्यूरोसर्जन पति डॉक्टर कुमार नितीश पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, और विदेशी महिला से संबंध रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए। डॉक्टर दीपिका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपने ऊपर हो रहे अत्याचार की पूरी दास्तां साझा करते हुए न्याय की गुहार लगाई। डॉ़ दीपिका जिले की राधे कुंज कॉलोनी, चौक कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली हैं। उन्होंने मीडिया के सामने खुलासा किया कि, उनका विवाह डॉक्टर कुमार नितीश से हुआ था, जो पेशे से न्यूरोसर्जन हैं, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उनके ऊपर दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न शुरू हो गया। डॉ. दीपिका ने आरोप लगाया कि, उनके पति का किसी विदेशी महिला से अवैध संबंध है और उसी के चलते वे उन्हें तलाक देने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि, विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती है। डॉक्टर पति अपने स्टाफ के माध्यम से उन्हें धमकी दिलवाते हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि, डॉक्टर दीपिका ने अपने घर पर हमला करवाने का भी आरोप अपने पति पर लगाया है। इस पूरे प्रकरण से वह मानसिक रूप से टूट चुकी हैं और अब उन्हें सरकार और प्रशासन से न्याय की उम्मीद है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉक्टर दीपिका की आंखों में आंसू और आवाज में दर्द साफ झलक रहा था। उन्होंने कहा कि, एक डॉक्टर होने के बावजूद उन्हें अपनी इज्जत और जान के लिए लड़ना पड़ रहा है। इस गंभीर मामले को लेकर अब शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।