Empowerment Conference Celebrates 300th Birth Anniversary of Rani Ahilyabai Holkar महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरुक रहें: पूर्व सांसद, Shahjahnpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsShahjahnpur NewsEmpowerment Conference Celebrates 300th Birth Anniversary of Rani Ahilyabai Holkar

महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरुक रहें: पूर्व सांसद

Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सुनीता दुग्गल ने रानी के कार्यों की सराहना की और महिलाओं को उनके अधिकारों...

Newswrap हिन्दुस्तान, शाहजहांपुरFri, 30 May 2025 12:50 AM
share Share
Follow Us on
महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरुक रहें: पूर्व सांसद

शाहजहांपुर, संवाददाता। रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को नगर निगम के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन गन्ना शोध परिषद में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर अर्चना वर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सिरसा (हरियाणा) की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल मौजूद रहीं। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र और महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता की मौजूदगी में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि सुनीता दुग्गल ने रानी अहिल्याबाई के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भारत की सबसे प्रभावशाली महिलाओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई प्रशासन, न्याय और धर्म के क्षेत्र में अतुलनीय कार्य करके नारी शक्ति की प्रेरणा बनीं।

उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। सुनीता दुग्गल ने नगर निगम की स्वच्छता के क्षेत्र में हो रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इंदौर की तर्ज पर शाहजहांपुर को भी स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल करने की दिशा में महापौर और नगर आयुक्त की प्रशंसा की। महापौर अर्चना वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि हर महिला में अपार शक्ति होती है, आवश्यकता है उसे पहचानने और निखारने की। उन्होंने रानी अहिल्याबाई के पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया और स्वच्छता से जुड़ी महिलाओं को नारी शक्ति का असली प्रतीक बताया। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन त्याग, सेवा और कुशल प्रशासन का आदर्श है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे रानी अहिल्याबाई के जीवन और मूल्यों को जरूर पढ़ें और अपनाएं। इस दौरान नगर निगम की महिला स्वच्छता मित्रों, स्वयं सहायता समूहों और एनिमेटर्स से जुड़ी महिलाओं को फूलमालाएं पहनाकर, प्रशस्ति पत्र, पीपीई किट और उपहार देकर सम्मानित किया गया। मंच पर मौजूद सभी विशिष्ट महिलाओं को संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट किए गए। महापौर ने मुख्य अतिथि सुनीता दुग्गल का विशेष स्वागत 21 किलो की फूलमाला पहनाकर किया और उन्हें हनुमानजी की मूर्ति भी भेंट की। कार्यक्रम का संचालन स्वच्छता प्रभारी अल्पना श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता, सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, एसपी सिटी देवेन्द्र कुमार, पार्षद विमला देवी, वर्षा अवस्थी, पूनम मेहरोत्रा, तराना जमाल सहित कई गणमान्य महिलाएं और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।