शोभायात्रा के दौरान अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित विहिप कार्यकर्ताओं ने जाम लगाया
Shahjahnpur News - निगोही में गुरुवार को श्रीरामनवमी और हनुमान जयंती के मौके पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने शोभायात्रा निकाली। यात्रा के दौरान एक युवक की अभद्र टिप्पणी पर विवाद उत्पन्न हुआ, जिससे कार्यकर्ता...

निगोही में गुरुवार को श्रीरामनवमी एवं हनुमान जयंती के अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद,बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा निकाली, इस दौरान माहौल उस समय खराब होते-होते बचा, जब यात्रा के दौरान मेन मार्केट में एक युवक ने यात्रा निकाल रहे लोगों पर अभद्र टिप्पणी शुरू कर दी। इस बात से कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। कार्यकर्ताओ ने युवक को खरीखोटी सुनाने के बाद उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के सामने जाम लगा दिया। जाम लगते ही पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। पन्द्रह मिनट तक जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। माहौल बिगड़ता देख पुलिस युवक को पकड़ लाई। युवक के परिजन भी थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस और विहिप कार्यकर्ताओं को बताया कि युवक कम दिमाग का है, उसका इलाज चल रहा है। तब कहीं जाकर कार्यकर्ता शान्त हुए। इसके बाद पुलिस ने युवक को उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया।
इससे पूर्व यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। तय कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद,बजरंग दल कार्यकर्ता ब्लाक परिसर में एकत्र हुए। यहां विहिप के प्रांत उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने विहिप के वारे में विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों की रक्षा करना विश्व हिन्दू परिषद का काम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन वाराहराना प्रकरण में जमीन की नाप कराकर समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराए। इसके बाद ब्लाक से श्रीराम शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा हमजापुर चौराहे से पावरहाउस मार्ग, बड़ा बाजार, सब्जी मंडी, आदर्श इंटर कालेज होते हुए ब्लाक में आकर समाप्त हो गई। यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। कुछ स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने डांस भी किया। इस अवसर पर राजकुमार सिंह, राजा भैय्या, शिवहरि सक्सेना, छत्रपाल शर्मा, अजीत सिंह, प्रमोद सिंह, सुधांशु विश्वकर्मा, दीपक शुक्ला, सर्वेश त्रिपाठी, सत्यपाल सक्सेना, श्यामू दुबे, आकाश तिवारी, बृजमोहन, सुरजीत वर्मा, अमित सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।