अहिल्याबाई आदर्श शासिका और समाज कल्याण की प्रतीक थीं: वित्त मंत्री
Shahjahnpur News - गांधी भवन में शनिवार को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती समारोह मनाया गया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई एक...

शाहजहांपुर, संवाददाता। गांधी भवन में शनिवार को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती समारोह श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूथ ब्रिगेड (भारत) की शाहजहांपुर शाखा के तत्वावधान में किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की अद्वितीय, न्यायप्रिय, धर्मनिष्ठ एवं लोककल्याणकारी शासिका थीं। वे एक आदर्श बेटी, पत्नी, पुत्रवधू, मां और शासिका के रूप में समाज के लिए प्रेरणा हैं। उनके 29 वर्षों के शासनकाल (1766-1795) में जनता की भलाई और धार्मिक सहिष्णुता को सर्वोच्च प्राथमिकता मिली।
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि शाहजहांपुर में किसी स्मारक या पार्क का नाम देवी अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा ले सकें। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विधायक अरविन्द सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई जैसी शासक विरले ही इतिहास में होती हैं। उन्होंने अपने शासन में महिला सशक्तिकरण और धर्म-निरपेक्ष विकास का उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सुदेश पाल द्वारा रचित पुस्तक ‘पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर का विमोचन भी किया गया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन चरित्र आज के समय में सामाजिक एकता और सेवा भावना की सबसे बड़ी मिसाल है। तत्पश्चात मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पाल समाज के लोगों ने भाग लिया, जिनमें शिल्पी गुप्ता, वीरेन्द्र पाल, चन्द्रशेखर पाल, रामासेंह पाल, गंगाशरण पाल, वीपी सिंह पाल, पवन पाल, जनमेजय पाल, रामेश्वर दयाल पाल, रामरहीस पाल, मनोज पाल, गुड्डी देवी पाल आदि प्रमुख रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामरक्षपाल ने की और संचालन सर्वेश पाल ने किया। जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र पाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि आभार प्रदर्शन रमेश पाल ने किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।