सरकारी भूमि पर बने मदरसों पर बेदखली की नोटिस
Shravasti News - जमुनहा में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बने दो अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की है। तहसीलदार ने बेदखली का आदेश देते हुए 3.84 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। अवैध मदरसा इस्लामिया अरबिया अनवारुल उलूम का...

जमुनहा, संवाददाता। ग्राम पंचायत की सरकारी भूमि पर बने दो मदरसों पर प्रशासन की कार्रवाई हुई है। तहसीलदार ने बेदखली का आदेश जारी किया है। साथ ही 3.84 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। जमुनहा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत फत्तेपुर बनगई व अकार गांव में नवीन परती की भूमि पर अवैध कब्जा कर मदरसा इस्लामिया अरबिया अनवारुल उलूम का निर्माण कराकर संचालन किया जा रहा था। तहसील प्रशासन ने मौके की जांच कर कार्रवाई की रिपोर्ट भेजी थी। इस पर तहसीलदार विपुल सिंह की ओर से बेदखली का आदेश जारी करते हुए अवैध निर्माण को हटाने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही फत्तेहपुर बनगई स्थित मदरसे पर 3.84 लाख रुपये का जुर्माना तथा अकार गांव के अवैध मदरसे पर 10 हजार रुपये का निष्पादन व्यय वसूलने का आदेश जारी किया गया है। तहसीलदार विपुल सिंह ने साफ कहा है कि ग्राम सभा की सरकारी जमीनों पर अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि संबंधित पक्ष समय से भूमि खाली नहीं करता है तो प्रशासन बलपूर्वक कब्जा हटाएगा। जिले में अब तक कई दर्जन मदरसे सरकारी भूमि पर संचालित मिले हैं। इनमें से कई पर कार्रवाई हो चुकी है। वहीं अन्य अवैध मदरसों पर कार्रवाई जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।