दृष्टिबाधित महिला की सर्पदंश से मौत
Sonbhadra News - चोपन के सिन्दुरिया गांव में एक दृष्टिबाधित महिला की रविवार को सर्पदंश से मौत हो गई। महिला मुर्गी की आवाज सुनकर उसके दरबे के पास गई, जहां एक जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। पति विकलांग था और ग्रामीणों ने...

चोपन, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिन्दुरिया गांव में रविवार की दोपहर सर्पदंश से दृष्टिबाधित महिला की मौत हो गई। वह मुर्गी के फड़फड़ाने की आवाज सुनकर घर में बने उसके दरबे के पास गई थी, इसी दौरान जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। मृतका का पति भी दोनों पैरों से विकलांग है। चोपन थाना क्षेत्र के सिन्दुरिया गांव निवासी 45 वर्षीय लालती पत्नी लालता भारती दृष्टिबाधित थी और दोनों आंखों से देख नहीं सकती थी। पति लालता भारती भी दोनों पैरों से विकलांग हैं। रविवार की सुबह लालती अपने घर में बैठी थी। इसी दौरान घर के एक किनारे स्थित मुर्गी का दरबे में मुर्गी के फड़फड़ाने की आवाज उसे सुनाई दी।
आवाज सुनकर वह धीरे-धीरे उठकर मुर्गी के दरबे के पास गई। वहां पहले से मौजूद एक जहरीले सर्प ने उसके हाथ में डस लिया। सांप के डसने पर उसने शोर मचाया। यह सुनकर उसके पति लालता और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे तो देखा कि वहां एक मुर्गा मरा पड़ा था और लालती भी अचेत हो रही थी। यह देख ग्रामीणों की मदद से लोग उसे झाड़फूंक के लिए ले गए। झाड़फूंक कराते कराते दोपहर तक महिला की हालत काफी गंभीर हो गई तो लोग उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चोपन पहुंचे। चोपन अस्पताल में डाक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की जानकारी चोपन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।