बरात में खाना खाते समय विवाद में युवक को मारा चाकू, मौत
Sonbhadra News - करमा, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के जोगिनी गांव में मंगलवार की रात खाना

करमा, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के जोगिनी गांव में मंगलवार की रात खाना खाने के दौरान बरात और घरात पक्ष में विवाद में हो गया। इसी दौरान घरात पक्ष से किसी ने बरात पक्ष के एक युवक को चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे राजगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
करमा थाना क्षेत्र के जोगिनी गांव निवासी शिवशंकर यादव पुत्र तीरथ यादव की पुत्री की मंगलवार को शादी थी। चंदौली जिले के लालतापुर नौगढ़ से रामटहल यादव के पुत्र राकेश यादव की बारात आयी थी। इसी शादी में शामिल होने के लिए बरात पक्ष की ओर से राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के नागनार हरैया मधुपुर निवासी 19 वर्षीय विकास यादव पुत्र बालकिशुन यादव अपने दूर के ममेरे भाई सुनील यादव निवासी नागनार हरैया मधुपुर के साथ गया था। रात लगभग 12 बजे द्वार पूजा की रश्म चल रही थी। इसी दौरान बरात पक्ष के कुछ लोग खाना खाने चले गए। खाना खाने के दौरान बराती और घराती पक्ष में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान घराती पक्ष से किसी ने बराती पक्ष से आए विकास यादव पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। विकास के घायल होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। किसी ने घटना की जानकारी 112 नंबर पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 112 पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल विकास यादव को तत्काल एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र राजगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज उसने दम तोड़ दिया। उधर विवाद के बाद जल्दी से शादी की रश्म पूरी कर लड़की की विदाई करा दी गई। विकास की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। राजगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मिर्जापुर भेज दिया। करमा थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिह ने बताया कि मृतक के पिता बाल किशुन यादव की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।