अयोध्या की थप्पड़बाज महिला दरोगा पर SSP का ऐक्शन, लाइन हाजिर किया, सीओ को सौंपी जांच
अयोध्या की थप्पड़बाज महिला दरोगा के खिलाफ SSP ने ऐक्शन लिया है। मामले में एसएसपी ने महिला दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ सीओ को जांच सौंपी गई है।

यूपी के अयोध्या में थप्पड़बाज महिला दरोगा पर ऐक्शन हुआ। श्रीराम जन्मभूमि थाना क्षेत्र में महिला दरोगा और ई रिक्शा चालक के बीच विवाद के बाद अभद्रता के मामले में एसएसपी ने कार्रवाई की है। महिला दरोगा को लाइन हाजिर किया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी अयोध्या के हवाले की गई है। दरअसल, महिला दरोगा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
राम जन्मभूमि थाना पर तैनात महिला उप निरीक्षक शिखा सिंह का थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ी के निकट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में महिला उप निरीक्षक एक ई रिक्शा चालक से अभद्रता करती दिखी थी। थप्पड़बाजी करती दिखी। साथ ही मामले में हस्तक्षेप करने पर एक युवक का कॉलर पकड़ युवक के साथ अभद्रता हुई थी। प्रकरण में पुलिस ने मामला प्रतिबंधित क्षेत्र में ई रिक्शा संचालन का बताया था और महिला उपनिरीक्षक की ओर से आपत्ति किए जाने पर ई रिक्शा चालक की ओर से अभद्रता किए जाने की बात कही थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
इस प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल और मीडिया में आने के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी ऐक्स पर पोस्ट किया था और वायरल वीडियो के माध्यम से रामनगरी अयोध्या में हुई इस अभद्रता पर हैरानी जताई थी। मामला चर्चा में आने के बाद एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने आरोप के दायरे में आई महिला उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की विभागीय जांच सीओ अयोध्या को सौंप दी है।