कानपुर से झांसी जा रही रोडवेज बस में ट्रक ने मारी टक्कर, 12 यात्री घायल, 5 की हालत नाजुक
- यूपी के झांसी में सोमवार को एक रोडवेज बस में ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सवारियों में भगदड़ मच गई। वहीं, इस हादसे में इस हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। जिसमें से 5 की हालत नाजुक है। उधर ट्रक ड्राइवर घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

यूपी के झांसी जिले के कोतवाली मोंठ थाना क्षेत्रान्तर्गत कानपुर एनएच पर बाईपास क्रॉस करते वक्त सवारियों से भरी उरई डिपो की रोडवेज बस में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चालक समेत 12 मुसाफिर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मौके पर भगदड़ मच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सोमवार उरई डिपो की रोडवेज बस कानपुर से सवारियां लेकर निकली थी। दोपहर 2.30 बजे के करीब मोंठ बस स्टैंड पर हॉल्ट के बाद करीब 37 मुसाफिरों को लेकर वह झांसी के रवाना हुई। जैसे ही बलिया निवासी चालक नरेन्द्र प्रताप बेटा उदय नारायण हाइवे पर बाईपास क्रॉस करने लगा। तभी अचानक कानपुर की तरफ तेज से जा रहा ट्रक टक्कर मारता हुआ निकल गया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। सवारियां शीशे तोड़कर छलांग लगाने लगी। शोर सुनकर आसपास हड़कंप मच गया। आनन-फानन में राहगीर मदद को दौड़े।
सूचना पर कोतवाली मोंठ में अतिरिक्त निरीक्षक कमल प्रताप सिंह, उप निरीक्षक अवधेश कुमार, संगीता कुमारी ने पुलिस बल के साथ घटना स्थल का जायजा लिया। लोगों की मदद से घायल महेन्द्र सिंह पुत्र राम सिंह (25) निवासी गांव घुसिया थाना कोंच, ममता देवी (46) पत्नी श्याम किशोर निवासी आमगांव थाना पूंछ, बस चालक नरेन्द्र प्रताप निवासी बलिया, प्रियंका पत्नी महेंद्र सहित अन्य 12 लोगों को बाहर निकाला और सीएचसी मोंठ ट्रामा सेंटर भिजवाया गया। जहां राजेन्द्र समेत अन्य की हालत नाजुक होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। थाना पुलिस की मानें तो जांच की जा रही है। टक्कर मारने वाले वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। पांच महिलाएं व पुरुष घायल हुए हैं। मामूली चोटिल का तुरंत इलाज कर रवाना किया गया है। अन्य सवारियों को आगे के लिए दूसरे वाहन से रवाना किया गया है।