Residents Frustrated with Municipal Services Poor Sanitation Traffic Chaos and Water Scarcity बोले उन्नाव : जलभराव व गंदगी बनी पहचान, इससे तो निजात दिला दें श्रीमान, Unnao Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsUnnao NewsResidents Frustrated with Municipal Services Poor Sanitation Traffic Chaos and Water Scarcity

बोले उन्नाव : जलभराव व गंदगी बनी पहचान, इससे तो निजात दिला दें श्रीमान

Unnao News - यहां के निवासी पालिका की कार्यशैली से परेशान हैं। सफाई कर्मियों की कमी, टूटी नालियां, और पेयजल की व्यवस्था ध्वस्त है। मुख्य मार्ग पर अवैध सब्जी मंडी की वजह से जाम और दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने...

Newswrap हिन्दुस्तान, उन्नावSat, 3 May 2025 12:38 AM
share Share
Follow Us on
बोले उन्नाव : जलभराव व गंदगी बनी पहचान, इससे तो निजात दिला दें श्रीमान

यहां के बाशिंदे पालिका की कार्यशैली से परेशान हैं। 18 हजार से अधिक आबादी वाले इस वार्ड में सफाई की जिम्मेदारी महज दर्जन भर कर्मियों के भरोसे है। टूटी नालियां, गड्ढायुक्त सड़कें, स्ट्रीट लाइटों के बिना लगे विद्युत पोल यहां की पहचान बन चुके हैं। मुख्य मार्ग पर अवैध सब्जी मंडी और रेलवे क्रासिंग के निकट लगने वाला जाम नासूर से कम नहीं है। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान से लोगों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। सभी ने एकसुर में कहा कि कई तरह का टैक्स वसूलने वाली पालिका वार्ड को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं दे पा रही है। अधिकारी गंभीरता से बनुयादी सुविधाएं दिलाने का प्रयास करें तो काफी हद तक यहां की समस्याओं से निदान मिल सकता है।

शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस के पीछे का क्षेत्र लोकइया खेड़ा है। छोटे चौराहे से निकली मुख्य सड़क इसी वार्ड से होकर हरदोई रोड से मिलती है। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान से चर्चा के दौरान रघुवंश मणि त्रिवेदी ने बताया कि यहां मुख्य मार्ग पर लगने वाली अवैध सब्जी मंडी सबसे बड़ी समस्या है। मंडी के कारण रोड पर हर समय जाम लगा रहता है। ऐसे में जब रेलवे क्रॉसिंग बंद हो जाती है तो समस्या और अधिक बढ़ जाती है। घंटों लोग जाम से जूझते नजर आते हैं। वार्ड से गुजरी सड़क हरदोई जाने वाले मार्ग से जुड़ती है। बड़ी संख्या में मुसाफिर इसी रास्ते से होकर हरदोई मुख्य मार्ग तक पहुंचते हैं। लिहाजा, मुख्य मार्ग के दोनों ओर व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं। ज्यादातर दुकानदार रोड तक अपना कब्जा जमाए हैं। वहीं, निर्माण सामग्री बेचने वाले ट्रेडर्स कारोबारी रोड पर ही निर्माण सामग्री डाले हैं। इसमें फिसलकर लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं। इलाके की कई सड़कें भी टूटी हैं तो कई जगहों पर नाला खुला होने से लोगों को हादसे का डर बना रहता है। श्याम यादव ने बताया कि हनुमान नगर पुलिया के पास नाला खुला है। इसमें आए-दिन मवेशी गिर जाते हैं। इसके बाद फायर बिग्रेड की मदद से उन्हें बाहर निकाला जाता है। नाले की गहराई अधिक होने से यदि कोई बच्चा गिर जाए तो बड़ी घटना हो सकती है। लोगों ने कई बार नाला बंद कराए जाने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दिलीप अवस्थी ने बताया कि इस वार्ड में पेयजल की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। लोग निजी संसाधनों से अपनी जरूरतें पूरी करते हैं। गलियों में पेयजल का संकट है। यहां एक-दूसरे की मदद से पानी की आपूर्ति का तो काम चल जाता है, लेकिन मुख्य मार्ग पर कोई प्याऊ या वाटर कूलर का इंतजाम न होने से राहगीरों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। बड़ी संख्या में मुख्य मार्ग से राहगीर गुजरते हैं, जिन्हें प्यास लगने पर मजबूरन खरीदकर पानी पीना पड़ता है। राजन कुशवाहा ने बताया कि मुख्य मार्ग के पास नगर पालिका को आरओ युक्त वाटर कूलर लगवाना चाहिए ताकि लोगों को कम से कम पानी तो खरीदकर न पीना पड़े। कूड़ा गाड़ी न आने से प्लॉटों में डाल रहे कचरा स्वच्छता का दंभ भरने वाली नगर पालिका की कार्यशैली पर स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं। यहां के निवासी रविशंकर ने बताया कि मोहल्लों में कूड़ा गाड़ी कभी नहीं आती है। जब कभी आती भी है तो चुनिंदा स्थानों से ही कूड़ा एकत्र करके वापस चली जाती है। प्लॉट से उड़कर पॉलीथिन और कचरा नालियों में जमा हो जाता है। इस कारण नालियां चोक हो जाती हैं। नालियों का गंदा पानी सड़क पर भरता है। सफाई कर्मियों की मनमानी पड़ रही भारी शहर के ज्यादातर बाशिंदे सफाई कर्मियों की मनमानी से परेशान हैं। यही हाल लोक नगर का भी है। यहां सफाई कर्मी कभी-कभार ही आते हैं। आबादी के अनुसार, कर्मियों की कम संख्या लोगों पर भारी पड़ रही है। नालियों की सफाई न होने से पानी सड़क पर भर जाता है। लोकइया खेड़ा के दुकानदार विनोद साहू ने बताया कि उनकी दुकान के पास पुलिया नाले से मिली है। नाली की सफाई न होने से पुलिया चोक हो जाती है और पानी सड़क पर भर जाता है। लोग कीचड़युक्त गंदे पानी से होकर जाने को मजबूर हैं। पालिका के जिम्मेदारों की शिथिलता के कारण उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। इसी वार्ड में प्राथमिक विद्यालय भी है। ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चे कीचड़ से होकर गुजरते हैं। बल्लियों के सहारे दौड़ाई जा रही बिजली हनुमान नगर निवासी जय निगम ने बताया कि नालियों की सफाई न होने से लोग परेशान हैं। नालियां टूटी हैं, जिनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे पानी सड़कों पर भरता है। मोहल्ले में प्रकाश का भी कोई प्रबंध नहीं है। खंभों से स्ट्रीट लाइट गायब हैं। जिनमें लगी भी है, वह खराब हैं। मयंक ने बताया कि वार्ड में नई आबादी भी विकसित हो रही है। कुछ बस्तियां पुरानी भी हैं, लेकिन अभी तक यहां विद्युत पोल नहीं लग सके हैं। पोल न लगे होने से लोग बल्लियों के सहारे करंट दौड़ा रहे हैं। लोगों ने बताया कि बल्लियों में तारों के लटकने से हादसे का डर बना रहता है। सुझाव 1. टूटी नालियों और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। 2. सफाई कर्मियों की ड्यूटी का निर्धारण हो। संख्या बढ़ाने के साथ ही काम की मॉनिटरिंग हो। 3. मुख्य मार्ग पर चहल-पहल को देखते हुए पेयजल का समुचित प्रबंध किया जाए। 4. वार्ड में कूड़ा गाड़ियों की संख्या बढ़ाई जाए। यह भी निश्चित किया जाए कि कचरे का नियमित उठान हो। 5. मुख्य मार्ग से निकले नाले को बंद कराया जाए ताकि हादसों का डर खत्म हो। 6. अतिक्रमण हटाने के साथ सब्जी मंडी का स्थान परिवर्तित हो। शिकायतें 1. एक कूड़ा गाड़ी के सहारे कचरा एकत्र नहीं हो पाता है। इस कारण बिखरा रहता है। 2. मुख्य मार्ग से सटा नाला खुला है। इसमें आए-दिन मवेशी गिरकर घायल हो रहे हैं। 3. पीने के पानी का कोई प्रबंध नहीं है। ज्यादातर इंडियामार्का खराब हैं। वाटर कूलर दूर की बात है। 4. प्रकाश की व्यवस्था बड़ी खराब है। शाम होते ही पूरे इलाके में अंधेरा हो जाता है। 5. नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों में भर रहा है। टूटी नालियां, गड्ढायुक्त सड़कें जख्म दे रही हैं। 6. अवैध सब्जी मंडी, अतिक्रमण जाम का सबब बन रहा है। बोले बाशिंदे कर्मियों के न आने से सफाई ठीक ढंग से नहीं होती है। नालियों के ऊपर से सड़कों पर पानी भर रहा है। - रेनू मिश्रा सबसे बड़ी समस्या कूड़ा निस्तारण की है। वार्ड को एक कूड़ा गाड़ी मिली है। वह कभी कभार आती है। - बादशाह विकास के नाम पर पालिका ने महज खानापूर्ति की है। दिखावे तक ही काम सीमित हैं। धरातल पर कुछ नहीं है। - रश्मी मुख्य मार्ग के दोनों ओर व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं। फुटपाथ से लेकर रोड तक कब्जा है। - नीलू कूड़ा उठान न होने से लोग खाली प्लॉटों में कूड़ा डालने को मजबूर हैं। कचरा नालियों में जमा होता है। - गुड्डू वर्मा विकसित बस्तियों में आज तक विद्युत पोल नहीं लग सके हैं। न लगे होने से लोग बल्लियों के सहारे तार ले गए हैं। पिंकू अवस्थी बोलीं जिम्मेदार सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी सुविधाएं बेहतर करने का हर प्रयास किया जा रहा है। सभासद से मोहल्ले में खराब सड़कों और नालियों की जानकारी ली जाएगी। सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही, उनके उपस्थिति चेक करने की व्यवस्था है। इसके बाद भी हवलदारों के माध्यम से निगरानी कराई जाएगी। कूड़ा कलेक्शन ठीक से कराने के निर्देश दिए जाएंगे। - रश्मि पुष्कर, सफाई निरीक्षक, नगर पालिका

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।