प्रेमी संग गई महिला ने पति पर करवाया चाकू से हमला, 8 महीने पहले छोड़कर भागी थी पत्नी
प्रेमी के साथ गई महिला ने अपने पति को देखा तो पिता को फोन कर दिया। पिता कई लोगों को साथ लाए और महिला के प्रेमी संग मिलकर लोगों ने उसके पति पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने गंभीर हालात में उसे एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।

यूपी में पति-पत्नी के झगड़े अब हत्या तक पहुंच रहे हैं। ताजा मामला अब आगरा का है जहां एक महिला पहले तो अपने प्रेमी के साथ भाग गई। फिर पति को इसकी जानकारी हुई और वो मिलने पहुंचा तो पत्नी ने पति पर ही जानलेवा हमला करवा दिया। मारने के इरादे से पति पर चाकू से कई वार करवाए लेकिन वो वहां से बच निकला। बताया जा रहा है कि आगरा में कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार की रात सनसनीखेज मामला सामने आया। कथित प्रेमी के साथ गई महिला ने अपने पति पर चाकू से हमला करा दिया। पुलिस ने गंभीर हालात में उसे एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार एक युवक की पत्नी आठ माह पूर्व लापता हुई थी। पति तभी से अपनी पत्नी की तलाश कर रहा था। बुधवार रात उसके नई बस्ती में प्रेमी के साथ रहने की जानकारी मिली। पति वहां पत्नी से मिलने पहुंच गया। घायल युवक के शहीद नगर निवासी रिश्तेदार ने पुलिस को बताया कि रोशन मोहल्ला निवासी युवक की पत्नी आठ माह पहले उसे छोड़कर चली गई थी। वह लगातार पत्नी की तलाश कर रहा था। बुधवार को उसे जानकारी हुई कि पत्नी माल का बाजार के मकान में किसी युवक के साथ रह रही है। वह रात साढ़े दस बजे के करीब वहां पहुंचा।
आरोप है कि पति को देखते ही पत्नी ने अपने पिता को फोन कर दिया। वह बेटों और अन्य रिश्तेदारों के साथ मौके पर आ गया। प्रेमी व अन्य लोगों ने मिलकर महिला के पति पर हमला बोल दिया और चाकू से कई वार किए। युवक के पेट में चाकू से कई वार हुए हैं। वह जान बचाकर भागा। वहां से घायल हालत में वह कोतवाली थाना पहुंचा। कोतवाली इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।