पापा! मां को मत मारो, नहीं तो कुएं में कूद जाऊंगी- कहकर बच्ची ने लगा दी छलांग, गिरते ही तोड़ा दम
एक बच्ची को पिता का मां को पीटना इतना नागवार गुजरा कि उसने कुएं में कूदकर जान दे दी। चार घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव निकाला जा सका। बताया जा रहा बच्ची बीमार थी, उसकी मां उसे किसी देवस्थान ले जाने की बात कर रही थी।

एक बच्ची को पिता का मां को पीटना इतना नागवार गुजरा कि उसने कुएं में कूदकर जान दे दी। चार घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव निकाला जा सका। बताया जा रहा बच्ची बीमार थी, उसकी मां उसे किसी देवस्थान ले जाने की बात कर रही थी। इसी बात पर नाराज होकर पति महिला को पीट रहा था। शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई गांव निवासी 10 वर्षीय अंजना पुत्री जीत कुमार बीमार थी। बुधवार को उसे जिला अस्पताल से छुट्टी कराकर परिवार वाले घर लाए थे।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुवह उसकी मां चंपा पड़ोस की महिलाओं से बच्ची पर भूत-प्रेत का साया बताकर किसी देवस्थान ले जाने की बात कह रही थी। यह बात जीत कुमार ने सुन ली। उसने पत्नी को अंदर बुलाया और पीटने लगा। यह देख अंजना ने मां को बचाने की कोशिश की, पर पिता ने उसे डपट दिया। बच्ची ने पिता से कहा कि मां को न मारो, नहीं तो वह कुएं में कूद जाएगी। इसके बाद भी जीत ने चंपा को नहीं छोड़ा। इसके बाद बच्ची अंजना चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागी।
घर से करीब 100 कदम दूर स्थित कुएं में छलांग लगा दी। पति के चंगुल से छूटी चंपा बेटी को खोजते हुए कुएं के पास पहुंची। अंदर बच्ची को पड़ा देख चिल्ला उठी। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस और दमकल की टीम पहुंच गई। रेस्क्यू अभियान चला गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद मासूम का शव निकाला जा सका। सीओ प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि पंचनामा के बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मां की गर्दन पर हंसिया देख सहम गई थी मासूम
पति के मारने-पीटने पर बेटी ने बचाने की कोशिश की। गुहार लगाती रही कि मां को छोड़ दो, न मारो पर पति का दिल नहीं पसीजा। पति जीत कुमार ने पास पड़ा हसिया उठाया और काटने की धमकी देते हुए गर्दन पर लगाया। यह देख बेटी सहम गई और अपनी जान दे दी। रोते हुए यह बात खुद मृतका की मां ने बताई। मृतका की बड़ी बहन नेहा ने बताया कि अंजना काफी दिन से बीमार थी। इधर-उधर की बातें करती रहती थी। अक्सर कुएं में कूदकर जान देने की बात करती थी।
गुरुवार सुबह मां चंपा ने अंजना को नहलाया। नहाने के बाद अंजना ने मां से नारियल तोड़ने के लिए रुपये लिए। रुपये लेकर दुकान से नारियल लाई। नजदीक स्थित महेश्वरी देवी और विंध्यवासनी मंदिर में नरियल तोड़ा। पूजा करने के बाद घर आई। मां के साथ उसे भी प्रसाद दिया। इसके बाद कुएं में कूदने की बात कहने लगी। इसपर मां ने कहा कि ऐसा नहीं बोला जाता, नही तो दो तमाचा मारूंगी।
मां पड़ोस की महिलाओं से बात करने लगी। इसी बीच पिता आ गए। मां को पीटने लगे। इस पर अंजना ने कहा कि बाबू अम्मा का न मारो नहीं तो कुएं में कूदकर जान दे दूंगी। इतना कहने के बाद वह घर से निकल गई। बड़ी बहन नेहा उसे कुएं तक देखने गई तो नहीं मिली। दोबारा गई तो वह कुएं की जगत पर बैठी थी। अंजना को पकड़ने का प्रयास किया तो छलांग लगा दी। मृतका तीन बहनों ने मझली थी।