मनचले की धमकी पर नाबालिग लड़की ने की आत्महत्या, बहन संग एक बार उठा ले गया था आरोपी
मनचले की धमकी से परेशान किशोरी ने मंगलवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया। मामले में जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

यूपी के मेरठ में मनचले की धमकी से परेशान किशोरी ने मंगलवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया।लिसाड़ी गेट की शौकीन गार्डन कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय किशोरी को ऑटो चालक आमिर परेशान कर रहा था। पांच मई को आमिर, साथी के साथ किशोरी के घर पहुंचा और कहा कि उसकी मां का एक्सीडेंट हो गया है। किशोरी व उसकी बहन को आमिर ने ऑटो में ले जाकर लोहियानगर इलाके के गैस गोदाम में बंधक बना लिया था। शिकायत पर पुलिस ने रात में दोनों बहनों को बरामद किया था।
13 मई को लोहियानगर थाने में आमिर, सुहैल और शोएब के खिलाफ छेड़छाड़ का केस किशोरी की मां ने दर्ज कराया था। आमिर जब से केस वापस लेने को परिवार को धमकी दे रहा था। मंगलवार को किशोरी और उसके पिता डीएम-एसएसपी ऑफिस पर शिकायत लेकर आए थे। लौटते वक्त बिजली बंबा रोड पर आमिर ने पिता-पुत्री को फिर धमकाया था। एसपी सिटी, आयुष विक्रम सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस ने पूर्व के केस में दी थी। चार्जशीट लगा दी आरोपी आमिर, सुहैल व साकिब को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है।
किशोरी की मौत के बाद टूटी पुलिस की नींद
छेड़छाड़ पीड़िता की जान जाने के बाद लोहियानगर पुलिस की नींद टूटी। आरोपी और उसके साथी को पुलिस ने कुछ ही घंटे में दबोच लिया और खानापूर्ति कर दी गई। इससे पहले करीब एक माह से किशोरी और उसके परिजन अफसरों की चौखट पर एड़ियां रगड़ते रहे और इंसाफ मांगते रहे। अधिकारियों को बताया था कि हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपी लगातार धमकी दे रहा है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
थाना पुलिस ने धाराओं का ही हवाला दिया और पल्ला झाड़ लिया। साफ है कि पीड़िता की आवाज इस नक्कारखाने में दबकर रह गई और आखिरकार छेड़छाड़ पीड़िता ने परेशान होकर अपनी जान दे दी। किशोरी की मौत के मामले में लिसाड़ी गेट थाने में पीड़िता के पिता की ओर से पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं।
छत से नीचे आई तो लाश देखकर चीख पड़ी बहनें
मंगलवार शाम को किशोरी के मां-पिता एक रिश्तेदार के यहां गए थे। रात करीब आठ बजे तीनों बहनें छत पर थी। इस दौरान किशोरी ने बताया कि पेट में दर्द हो रहा है और बहाना बनाकर नीचे कमरे में आ गई। करीब आधे घंटे बाद दोनों छोटी बहनें कमरे में आई तो किशोरी फंदे पर लटकी मिली। किशोरी की लाश देखकर बहनों की चीख निकल गई।