Monsoon in UP: यूपी पहुंचा मानसून, अगले दो दिन इन जिलों में झमाझम बारिश
मानसून झारखंड और बिहार के बाद यूपी पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 19 जून को मानसून के गोरखपुर के रास्ते प्रदेश में आने की भविष्यवाणी की थी। इससे पहले बुधवार को ही मानसून सोनभद्र के रास्ते प्रदेश में प्रवेश कर गया।

मौसम विभाग ने यूपी वालों को बड़ी खुशखबरी दी है। उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सामान्य समय से पांच दिन की देरी से बुधवार को दस्तक दे दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) अधिकारियों ने बताया कि सामान्य तौर पर राज्य में मानसून का आगमन 13 जून को होता है। मानसून की दस्तक के साथ ही सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अगले दो से तीन दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
आईएमडी के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान में पश्चिम बंगाल के गंगा तट के पास स्थित एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के आने वाले दिनों में पश्चिम-उत्तरपश्चिमी दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली से 19 जून से उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश का अनुमान है। 19 से 22 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में बूंदाबांदी से लेकर बेहद भारी बारिश की प्रबल संभावना है।''
पूर्वानुमान के अनुसार 30 जून तक मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा। राज्य में मानसून की दस्तक से बुधवार को शुष्क और गर्म मौसम से कुछ राहत मिली। इस बीच, राज्य सरकार ने निवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है क्योंकि मानसून के आगमन के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
मौसम विभाग ने भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के कारण जर्जर इमारतों, कच्चे घरों और झोपड़ियों को संभावित नुकसान की चेतावनी दी है। राहत विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिला प्रशासन को मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर तैयारी और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अगले दो दिनों तक अब पूर्वी यूपी में इसी तरह से झमाझम बारिश की भविष्यवाणी की गई है। गुरुवार को वाराणसी से लेकर गोरखपुर तक तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, भदोही, बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, बस्ती, महाराजगंज आदि जिलों में बारिश होगी।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम हवा के दबाव का क्षेत्र आगे बढ़ गया है। मानसूनी सीजन के समय ऐसी मौसमी परिस्थितियां भारी या बेहद भारी बारिश करा देती हैं। मौसम विभाग के अनुसार मानसून सक्रिय होने से बारिश का सिलसिला अब लम्बा चलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार एक दिन पहले बताया था कि इस चक्रवाती स्थिति का असर बुधवार को बिहार और उसकी सीमा से सटे पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में होगा। इसके बाद यह दायरा मध्य यूपी फिर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंच जाएगा।
इससे पहले मंगलवार को भी कई जिलों में प्री मानसूनी बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश आगरा में 33.8 मिलीमीटर दर्ज की गई। सोनभद्र के चुर्क में 20.8, वाराणसी बीएचयू में 10.8, बलिया में 10, बुलंदशहर में 2.0 और बांदा में 2.6 मिलीमीटर बारिश हुई।प्रयागराज में तेज हवा के साथ रात एक बजे के लगभग झमाझम बारिश शुरू हो गई। गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण तपिश से राहत मिली। दिन भर तेज धूप और उमस से लोग परेशान थे। शाम से बादल छाए हुए थे लेकिन बारिश नहीं हुई। मध्य रात्रि के बाद तेज हवाएं चलने लगी और जोरदार बारिश होने लगी। बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। यहां आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत भी हो गई।
अमौसी स्थित प्रादेशिक मौसम मुख्यालय के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून आज उत्तरी अरब सागर, गुजरात के कुछ और हिस्सों, विदर्भ के शेष हिस्से, मध्य प्रदेश से होते हुए छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों तक पहुंचा। इसके साथ ही ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है।
यूपी में बारिश कराने वाली मानसून की पूर्वी शाखा अगले दो दिनों में आगे बढ़ने की बात कही गई थी। मौसम विभाग ने 19 जून तक प्रदेश में मानसून के सक्रिय हो जाने का पूर्वानुमान जताया था। इससे एक दिन पहले ही सोनभद्र के रास्ते मानसून प्रदेश में प्रवेश कर गया है। वहीं. गोरखपुर में मंगलवार को 4 मिलीमीटर बारिश हुई। तापमान में सोमवार की तुलना में करीब तीन डिग्री सेल्सियस इजाफा हुआ, लेकिन लगभग सामान्य रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.5 और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा। गोरखपुर-बस्ती मंडल के अन्य जिलों में भी कहीं हल्की कहीं तेज बारिश हुई। फिर धूप निकलने से गर्मी-उमस महसूस की गई।
कानपुर में दिन का पारा 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का तापमान हमीरपुर और कानपुर एयरफोर्स में 30.2 डिग्री रहा। देर शाम अचानक घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। आसपास हल्की बारिश के कारण हवाएं भी नमी लिए हुए राहत देने वाली रहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।