यूपी कॉलेज में कर्मचारी ने किया प्राचार्य से दुर्व्यवहार
Varanasi News - वाराणसी के यूपी कॉलेज में एक संविदा कर्मचारी ने प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह और विभागाध्यक्ष डॉ. कुलभूषण आनंद के साथ दुर्व्यवहार किया। दोनों ने कर्मचारी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। कर्मचारी ने...

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। यूपी कॉलेज में शुक्रवार की दोपहर एक संविदा कर्मचारी ने प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह से दुर्व्यवहार किया। कृषि सस्य विज्ञान विभाग में पहुंचे कर्मचारी सुशील कुमार ने विभागाध्यक्ष डॉ. कुलभूषण आनंद से भी गालीगलौज और मारपीट की। प्राचार्य और विभागाध्यक्ष ने कर्मचारी के खिलाफ शिवपुर थाने में तहरीर दी। वहीं कर्मचारी ने भी मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। कर्मचारी के खिलाफ प्रबंधन अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। कॉलेज में इस समय प्रायोगिक परीक्षाएं चल रही हैं। शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह कृषि सस्य विज्ञान विभाग पहुंचे। उन्होंने विभागाध्यक्ष डॉ. कुलभूषण आनंद से परीक्षा संबंधी कार्यों में हो रही देरी के बारे में पूछा। कार्यों में ढिलाई पर कर्मचारी सुशील कुमार को भी बुलाया गया। आरोप है कि कर्मचारी आते ही विभागाध्यक्ष से भिड़ गया। प्राचार्य ने उसे रोकने की कोशिश की तो उनसे उनके साथ भी गालीगलौंज और हाथापाई की। इस दौरान वहां डॉ. देवनारायण, डॉ. सुधीर शाही, डॉ. शशिकांत सिंह भी मौजूद थे। बाद में सभी लोगों ने पकड़कर कर्मचारी को अलग किया। प्राचार्य और विभागाध्यक्ष ने कर्मचारी के खिलाफ तहरीर दी। दूसरी तरफ कर्मचारी ने भी शिवपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उसने भी प्राचार्य सहित अन्य शिक्षकों पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।