पूर्वी यूपी के किसान उत्पादन पर दें जोरः मंत्री
Varanasi News - पिंडरा में कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने किसानों की उपज बढ़ाने के लिए सरकार की सब्सिडी योजनाओं की बात की। उन्होंने एक किसान ट्रैक्टर रैली को हरी झंडी दिखाते हुए मिट्टी की सेहत की जांच का सुझाव...

पिंडरा (वाराणसी), हिन्दुस्तान संवाद। प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि किसानों की अच्छी उपज के लिए वे सभी कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार किसानों को हर क्षेत्र में सब्सिडी देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने ये बातें गुरुवार को पिंडरा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित किसान ट्रैक्टर रैली कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने करीब 1000 ट्रैक्टर वाली रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने किसानों को तकनीकी और सरकार से मिलने वाली सुविधा का उपयोग करने के साथ मिट्टी के सेहत की जांच का सुझाव दिया।
उन्होंने कहाकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रति हेक्टेयर 70 से 75 कुंतल धान की उपज होती और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मात्र 40 से 45 कुंतल। इस अंतर को समाप्त करने के लिए वैज्ञानिक आधार पर खेती की जरूरत बताई। मंत्री ने दो किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी दिए। सेना के सम्मान में निकली ट्रैक्टर रैली पिंडरा से निकली ट्रैक्टर रैली मिराशाह, जमापुर, थानारामपुर, बिबिरछा, दबेथुवा होते हुए नकटी स्थित नकटेश्वरी धाम पहुंची। धाम पर रैली के पहुंचने पर मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर पूजा पाठ और हवन पूजन के साथ पौधरोपण किया गया। इसके बाद भंडारा हुआ। छह किमी की यात्रा में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। रास्ते में जगह जगह रैली पर पुष्प वर्षा की गई। रैली का नेतृत्व पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने किया। खुद ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे डॉ.सिंह ने कहा कि सेना के सम्मान में एकत्रित एक हजार से अधिक ट्रैक्टर प्रदेश और देश में बड़ा संदेश देंगे। इस मौके पर एमएलसी व जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा रामप्रकाश सिंह वीरू, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री बृजनन्दन सिंह, नागेंद्र रघुवंशी, सुरेश सिंह, प्रवीण सिंह गौतम, पवन सिंह।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।