कई लोगों से बात करती थी पत्नी, रात को देती थी नींद की गोलियां, पति ने भाई संग मिलकर कर दी हत्या
पीलीभीत जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने भाई के साथ मिलकर पत्नी की बांके से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए पति और उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यूपी के पीलीभीत जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने भाई के साथ मिलकर पत्नी की बांके से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए पति और उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में पति ने अपनी पत्नी पर ही कई आरोप लगाए हैं। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पतरसिया की रहने वाली नन्ही देवी की शादी अखिलेश निवासी जल्लूपुर थाना घुघंचाई के साथ बीस वर्ष पूर्व हुई थी। मंगलवार को अखिलेश ने अपने भाई अरविंद के साथ मिलकर अपनी पत्नी नन्हीं देवी की हत्या कर दी है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया था। मामले में फरार दोनों आरोपियों को डूडा पुल के पास से गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में अखिलेश ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक ड्राइवर है। जिस कारण घर से अधिकतर बाहर ही रहता है। उसके चार बच्चे हैं, जिनमें दो लड़की व दो लड़के हैं। उसका आरोप है कि उसकी पत्नी के कहने पर ही उसकी दोनों पुत्रियां कहीं चली गई हैं। पुत्रियों के चले जाने की जानकारी भी उसने नहीं दी थी। जब उसने इसका विरोध किया तो उसकी पत्नी ने उसके साथ विवाद करना शुरू कर दिया। उसका कहना है कि उसकी पत्नी का चरित्र ठीक नहीं था। वह कई लोगों से फोन पर बातचीत करती थी। जब वह घर पर आता था तो उसकी पत्नी रात में उसको नींद की गोलियां दे देती थी। उसके भाई अरविन्द उर्फ छोटे ने नन्हीं देवी को बहुत समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी।
तीन जून को उसकी पत्नी किसी के साथ भागने की फिराक में थी। इसीलिए वह अपने मायके वालों के साथ जबरदस्ती कहीं जा रही थी। जानकारी होने पर वह और उसका भाई अरविन्द उर्फ छोटे भगौतीपुर वाले रास्ते पर उसको वापस बुलाने गए लेकिन वह नहीं मनी। जिस पर उन लोगों ने बंके से नन्हीं देवी के ऊपर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी। हत्या करके भागते समय उसने ग्वार के खेत में बंके को छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बंका बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।