प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों को लेकर कांग्रेस में आक्रोश
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। उन्होंने यौन अपराधों के खिलाफ विशेष टास्क फोर्स बनाने और फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने की मांग...

प्रदेश में बढ़ती महिला आपराधिक घटनाओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। मंगलवार को महिला कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओ ने संयुक्त मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। यौन अपराधों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा की प्रदेश के ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में महिलाओं और छोटी बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न एवं बलात्कार जैसी अमानवीय घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं। यह घटनाएं राज्य की कानून-व्यवस्था पर गहरा प्रश्न चिन्ह लगा रही हैं। इन घटनाओं से महिलाओं में भय का माहौल है। इस दौरान प्रत्येक जिले में फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने, महिला सुरक्षा हेतु सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए करने की मांग भी उठाई गई।
कहा की इस संबंध में मुख्यमंत्री बे सिर और पैर के बयान दे रहे हैं। इससे अपराधियों के हौसले और बढ़ रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में महिला ज़िला अध्यक्ष गीता पवार, नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रचना रावत, स्वाति बंसल, तान्या कोहली, गीता पुजारी, मोनिका साह, उषा साह, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश आर्या, कुलदीप कुमार, सुरेंद्र पवार, सोनू सिद्दीकी आदि थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।