सशक्त होने को आत्मनिर्भर बनें महिलाएं : खंडूड़ी
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी का रानीखेत में जोरदार स्वागत हुआ। उन्होंने उद्यमी महिलाओं से संवाद किया और कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना होगा। उन्होंने हिलक्राफ्ट के 20...
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी के रविवार को रानीखेत पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। उन्होंने बाजार स्थित हिल क्राफ्ट पहुंचकर उद्यमी महिलाओं के साथ संवाद किया। कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना है तो उन्हें पहले आत्मनिर्भर बनाना होगा। महिलाओं के कार्यों को सराहते हुए पुरानी संस्कृति को सहेजने की पहल को अद्भुत बताया। हिलक्राफ्ट संस्था को स्थापित हुए 20 साल हो गए हैं। तब से संस्था ने कई महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की तरफ कदम बढ़ाए हैं। विस अध्यक्ष खंडूड़ी ने महिलाओं की मेहनत को सराहा। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वावलंबी होने के साथ अपने बच्चों को भी संस्कारी तरीके से आगे बढ़ा रही हैं। संस्था में उन्होंने अच्छी ऊर्जा का अनुभव किया है। विस अध्यक्ष ने स्थानीय उत्पादों के प्रचार प्रसार और वोकल फार लोकल के लिए प्रोत्साहित किया। इससे पूर्व हिलक्राफ्ट की संचालिका चयनिका बिष्ट और जोगेंद्र बिष्ट ने विधानसभा अध्यक्ष सहित तमाम अतिथियों का फूल मालाओं के साथ स्वागत हुआ।
चयनिका बिष्ट ने हिलक्राफ्ट के अब तक के इतिहास के बारे में बताया। उद्यमी महिलाओं ने भी संस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विस अध्यक्ष ने महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उनके भविष्य को उज्ज्वल और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विस अध्यक्ष ने द्वाराहाट में रात्रि विश्राम किया। सोमवार सुबह वह कैंची धाम के लिए रवाना होंगी।
ऐपण और पिछौड़ा देख गदगद हुईं विस अध्यक्ष
विस अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने हिलक्राफ्ट के उत्पादों का निरीक्षण किया। ऐपण और रंगीली पिछौड़ा देख वह बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने कहा कि लुप्त हो रही प्राचीन संस्कृति को महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार कर इन्हें देश विदेश में प्रसिद्धि दिलाई है। यह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी ऐपण और तमाम अन्य उत्पादों को भुला सा दिया गया है, लेकिन यहां पोटली, पिछौड़ा, ऐपण देख अच्छा लगा है। महिलाएं इसी तरह से कार्य करती रहें।
ये रहे मौजूद-
इस अवसर पर सल्ट के विधायक महेश जीना, वृजेश भूषण, भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, कुमाऊं संयोजिका विमला रावत, मंडल अध्यक्ष राम सिंह रावत, गणेश आर्या, ध्यान सिंह नेगी, भावना, शांति, बीना, नाज, गोविंद सिंह बिष्ट सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।