आपरेशन सिंदूर ने देश-दुनिया दुनिया को दिया बड़ा संदेश: मुख्यमंत्री
- शौर्य सम्मान तिरंगा यात्रा में एकजुट हुआ हल्द्वानी - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
हल्द्वानी। मुख्य संवाददाता उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शनिवार को हल्द्वानी मिनी स्टेडियम से शहीद पार्क तक भव्य 'तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा' का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, पूर्व सैनिकों सहित युवा वर्ग एवं मातृशक्ति ने तिरंगे के साथ पद यात्रा में भाग लिया। यात्रा हाल ही में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा सफलतापूर्वक चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' की ऐतिहासिक विजय को समर्पित रही। इस अवसर पर शहीद स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भी दी गई। मौके पर मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले वीर सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि भारत ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि वह आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में पूरी तरह सक्षम है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने न केवल अपने वीर सपूतों की बहादुरी का प्रदर्शन किया, बल्कि आतंकवाद और उसके समर्थकों को यह स्पष्ट संदेश भी दिया कि नया भारत अब हर आतंकी कार्रवाई का जवाब उसी की भाषा में देगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत किसी भी आतंकी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। अब देश की सीमाओं की रक्षा अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीक से की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीर भूमि है, जहां का लगभग हर परिवार देशसेवा से जुड़ा है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वह सेना और सुरक्षा बलों के अनुशासन, शौर्य और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में 'तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा को प्रत्येक वर्ष मनाए जाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या,प्रशासक जिला पंचायत बेला तोलिया, मेयर गजराज सिंह बिष्ट,मेयर रुद्रपुर विकास शर्मा,भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जाधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, शंकर कोरंगा,रेनू अधिकारी, दीपक महरा आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।