रिटायर्ड कर्मियों से आवास खाली नहीं करा पा रही नगर पालिका
नैनीताल में नगर पालिका के रिटायर्ड कर्मचारी आवास खाली करने के लिए तैयार नहीं हैं। पालिका ने 72 रिटायर्ड कर्मचारियों को नोटिस दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। अब दोबारा नोटिस भेजने की तैयारी...

नैनीताल, संवाददाता। नगर पालिका से रिटायर हो चुके कर्मचारी पालिका के आवास खाली करने को तैयार नहीं है। अवैध तौर पर रह रहे इन रिटायर्ड कर्मचारियों को पालिका केवल नोटिस जारी करने तक सीमित है। अब दोबारा नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
नगरपालिका ने कुछ दिन पूर्व ही रिटायर्ड कर्मचारियों को आवास खाली करने का नोटिस दिया था। कहा था कि 15 दिन के भीतर आवास खाली कर दें। लेकिन चेतावनी अवधि बीतने के बावजूद न तो आवास खाली किए और न ही पालिका इनपर कोई कार्रवाई करने को तैयार है। पालिका के ईओ दीपक गोस्वामी ने बताया कि पालिका ने 72 रिटायर्ड कर्मचारियों को पूर्व में आवास खाली करने को नोटिस भेजे थे, लेकिन 15 दिन से अधिक समय होने के बाद भी आवास खाली नहीं किए हैं। अब उन्हें दोबारा नोटिस भेजे जाएंगे। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पालिका के आवास स्थित हैं। रिटायर कर्मियों के आवास खाली न करने से पालिका को राजस्व का नुकसान तो उठाना ही पड़ रहा है। साथ में अन्य कर्मचारी आवास से अब भी वंचित हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।