गुंजी में अस्थाई थाना खुला, धार्मिक यात्रा को 224 पुलिस कर्मी तैनात
पिथौरागढ़ में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए आदि कैलास यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने 224 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की है। इस दौरान गुंजी में अस्थाई थाना स्थापित किया गया है...
पिथौरागढ़, संवाददाता। भगवान भोलेनाथ के दर्शन को आदि कैलास यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस तैयार है। बुधवार को एसपी रेखा यादव ने बताया कि धार्मिक यात्रा के लिए 224 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें दो एसआई, चार उपनिरीक्षक-अपर उपनिरीक्षक, तीन हेड कांस्टेबल, 85 कांस्टेबल, 15 यातायात पुलिस कर्मी, 100 होमगार्ड-पीआरडी जवान व 15 एसडीआरएफ के जवान शामिल हैं। बताया कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। गुंजी में अस्थाई थाना भी स्थापित कर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी है। एसपी ने बताया कि यात्रा के लिए निर्धारित दो रूट हैं।
पहला घाट होते हुए पिथौरागढ़, कनालीछीना, ओगला, धारचुला, पांगला, गुंजी होते हुए ज्योलिंगकांग। दूसरा मार्ग सेराघाट से बेरीनाग, उडियारी, थल, डीडीहाट, ओगला, धारचुला, पांगला, गुंजी होते श्रद्धालु ज्योलिंगकांग आवाजाही कर सकते हैं। बताया कि पर्यटकों की सुविधा के लिए पुलिस सहायता हेल्पलाइन नंबर 9411112982, 112 की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को पूरी सतर्कता व निष्ठा से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। ताकि सभी यात्री सकुशल अपनी यात्रा पूर्ण कर सकें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।